भारतीय नौसेना ने आज अरब सागर में एक बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा किया है. मुंबई से 3 हजार किलोमीटर से ज्यादा दूर समुद्री लुटेरों के कब्जे में फंसी मछली पकड़ने वाली नाव 'अज़िनी' के सभी 20 क्रू मेंबर्स को भारतीय नौसेना ने सुरक्षित बचाया है. इस अभियान को पूरा करने में नौसेना को 48 घंटे लगे.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने X पर पोस्ट करते हुए इसकी जानकारी दी है. उन्होंने नौसेना को इस सफल अभियान के लिए बधाई दी है. रक्षा मंत्री ने X पर पोस्ट करते हुए बताया कि इस ऑपरेशन में भारतीय वायु सेना की मदद से, भारी हथियारों से लैस समुद्री लुटेरों के चंगुल से जहाज और उसके चालक दल को छुड़ाया गया. अरब सागर में जहाज को सुरक्षित रूप से समुद्री लूटेरों से मुक्त करा दिया गया है.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि हमारे जवानों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत समुद्र में फंसे लोगों की जान बचाने और उनकी सुरक्षा करने में सक्षम है. रक्षा मंत्री ने भारत की पूरे हिंद महासागर में सुरक्षा और शांति बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दोहराया है.
यह भी पढ़ें: वैश्विक संकट के बीच भारत का बड़ा ऊर्जा प्लान, PM मोदी बोले- खुलेंगे 20 लाख करोड़ रुपये के मौके
48 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बता दें, सोमाली समुद्री लुटेरों ने सोमालिया के उत्तर-पूर्वी तट के पास 'अज़िनी' नामक जहाज को अगवा कर लिया था. इस जहाज को गुरुवार को सोमालिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से में बंदर बायला और हाफुन तटीय शहरों के बीच कब्जे में लिया गया था. भारतीय नौसेना ने 48 घंटे तक बचाव अभियान चलाकर 20 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचाया.
अधिकारियों के मुताबिक, 12 समुद्री लुटेरों ने जहाज पर कब्जा किया था. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अपहरण के समय इस जहाज पर ईरानी चालक दल के सदस्य थे. 'अजिनी' का अपहरण ऐसे समय में हुआ, जब अदन की खाड़ी और पश्चिमी हिंद महासागर में सोमाली समुद्री लुटेरों के हमले फिर से बढ़ने लगे हैं. पिछले कुछ महीनों में उन्होंने कई व्यापारिक जहाजों को निशाने बनाया है.
5 महीने में समुद्री लुटेरों ने 6 व्यापारिक जहाजों का किया अपहरण
अप्रैल से अगस्त के बीच समुद्री लुटेरों ने 6 व्यापारिक जहाजों का अपहरण किया. इनमें में कुछ जहाजों को सोमालिया के तट से काफी दूर अगवा किया गया था. इनमें सिबू 1 नाम का एक तेल टैंकर भी शामिल था. इसे यमन के अल-मुकल्ला शहर से लगभग 252 किलोमीटर पूर्व में अगवा किया गया था.