scorecardresearch
 

करीना के साथ काम करने की सैफ ने रखी शर्त, बताया क्यों रियल कपल को कास्ट करना है बोरिंग

बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर कपल्स में से एक 'सैफीना' यानी सैफ अली खान और करीना कपूर को स्क्रीन पर साथ दिखे 12 साल हो चुके हैं. अब सैफ ने खुद खुलासा किया है कि वो बेबो के साथ काम क्यों नहीं करना चाहते. हालांकि, उन्होंने एक ऐसी शर्त भी रखी है जिसके बाद दोनों का साथ आना मुमकिन है.

Advertisement
X
करीना के साथ दोबारा इसी शर्त पर काम करेंगे सैफ (Photo: X/@HailPrabhas007)
करीना के साथ दोबारा इसी शर्त पर काम करेंगे सैफ (Photo: X/@HailPrabhas007)

बॉलीवुड में सेलेब्रिटी कपल्स के लिए फैंस का क्रेज देखने को तो बहुत मिला है, मगर इस मामले में 'सैफीना' को कोई दूसरा कपल टक्कर नहीं दे सकता. सैफ अली खान और करीना कपूर की लव स्टोरी से ही पहली बार इंटरनेट ने 'कपल नेम्स' का पॉपुलर ट्रेंड शुरू किया था. डेटिंग से लिव-इन, शादी और बच्चे... 'सैफीना' हमेशा जनता की नजरों में रहे. रियल लाइफ ही नहीं, रील लाइफ में भी दोनों की जोड़ी फैंस को खूब पसंद रही.

एलओसी: कारगिल, ओमकारा, टशन, कुर्बान जैसी फिल्मों में दोनों ने साथ काम किया. मगर सैफ-करीना की जोड़ी आखिरी बार 12 साल पहले फिल्म हैप्पी एंडिंग में साथ नजर आई थी. तब से आज तक फैंस दोनों को एक फिल्म में साथ देखने की तमन्ना दिल में ही लिए बैठे हैं. अब सैफ ने बताया है कि वो और करीना फिल्मों में साथ क्यों नहीं नजर आ रहे. सैफ ने एक शर्त भी बताई जिसके पूरे होने पर ही वो और करीना साथ नजर आएंगे.

'कम्फर्ट नहीं, टकराव से बनती है केमिस्ट्री'

सैफ का मानना है कि अपने पार्टनर के साथ काम करने में सबसे बड़ी रुकावट वो कम्फर्ट ही बनता है, जो इस रिश्ते की खासियत होता है. उन्हें लगता है कि एक्टर्स की केमिस्ट्री सहजता से नहीं, उनके टकराव से पैदा होती है. "कम्फर्ट और आसानी, खासकर, अगर मैं उनके कम्फर्ट के लिए ज्यादा टेंशन में हूं— ये एक्टिंग करने का अच्छा तरीका नहीं है" सैफ ने वैरायटी इंडिया के साथ बातचीत में कहा.

Advertisement

सैफ एक्टिंग को एक सेल्फिश पेशा मानते हैं, जहां कलाकार सामने वाले से बेहतर परफॉर्म करने की होड़ में रहते हैं. अपने पार्टनर के साथ फिल्म सेट पर आना इस क्रिएटिव कॉम्पिटिशन को खत्म कर देता है. उन्होंने आगे बताया, "मुझे लगता है कि किसी को बोर करने में आपको टाइम नहीं लगता. एक अच्छे ऑफ-स्क्रीन कपल के, स्क्रीन पर साथ आ जाना से ज्यादा बोरिंग और क्या होगा!" सैफ ने कहा कि उन्हें दिन भर दूसरे लोगों के साथ काम करके, रात को अपनी पत्नी के पास लौटकर चीजों को फ्रेश रखना अच्छा लगता है.

क्या कभी साथ नहीं आएंगे सैफ-करीना?

सैफ ने साफ किया कि वो करीना के साथ दोबारा काम करने के खिलाफ नहीं हैं. लेकिन उनके किरदारों की कास्टिंग इतनी चालाकी से होनी चाहिए कि ये ऑडियंस की उम्मीदों से एकदम उलट हो जाए.

उन्होंने टाटा प्ले (पहले टाटा स्काई) के एक पुराने विज्ञापन का उदाहरण दिया, जिसमें करीना एक घमंडी हाउस-हेल्प के रोल में थीं और सैफ ड्राइवर बने थे. सैफ ने कहा, "ये शानदार कास्टिंग थी क्योंकि करीना को उनकी पॉपुलर इमेज से बिल्कुल उलट कास्ट किया गया था. हम दोनों लगातार बहस कर रहे थे. उसमें बिल्कुल सही एनर्जी थी."

सैफ ने एक हॉलीवुड फिल्म के उदाहरण से बताया कि कैसा किरदार मिलने के बाद वो और करीना साथ आ सकते हैं. नेटफ्लिक्स की फिल्म मर्डर मिस्ट्री की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने बताया, "मुझे जेनिफर एनिस्टन और एडम सैंडलर की वो फिल्म याद आती है जिसमें एक पति-पत्नी एक मर्डर मिस्ट्री के जरिए, अपने शादी के रिश्ते में खत्म हो चुकी एक्साइटमेंट दोबारा डिस्कवर करते हैं... वो बहुत मजेदार था. शायद हमें भी ऐसा कुछ मिल जाए."

Advertisement

करीना के साथ दोबारा काम करने के लिए सैफ ने किरदारों की शर्त तो खूब बताईं. लेकिन साथ ही ये भी कहा कि करीना के साथ दोबारा काम करना उनके लिए 'सम्मान की बात होगी'. अपनी बात खत्म करते हुए उन्होंने कहा, "वो शानदार एक्टर हैं और उनकी स्क्रीन प्रेजेंस कमाल है."

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement