रणदीप हुड्डा बॉलीवुड के टैलेंटेड एक्टर्स में शुमार हैं. वो हर किरदार में बहुत ही खूबसूरती से ढल जाते हैं. उनकी स्क्रीन प्रेजेंस इतनी दमदार होती है कि लोग उनसे नजरें नहीं हटा पाते. कई बड़े फिल्ममेकर्स रणदीप को अपनी फिल्मों में कास्ट करना चाहते हैं. एक्टर को 2025 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'छावा' भी ऑफर हई थी, मगर उन्होंने इस फिल्म को करने से इनकार कर दिया था. अब खुद रणदीप ने इसका खुलासा किया है.
क्यों ठुकराई छावा?
रणदीप ने बताया कि फिल्म 'छावा' में मुगल सम्राट औरंगजेब का रोल पहले उन्हें ही ऑफर हुआ था, लेकिन उन्होंने करने से इनकार कर दिया था. विक्की कौशल स्टारर यह फिल्म मराठा साम्राज्य के दूसरे शासक संभाजी के जीवन पर आधारित है. यह फिल्म एक बहुत बड़ी हिट साबित हुई और भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में से एक बनकर उभरी. इतने बड़े प्रोजेक्ट का हिस्सा होने का कई एक्टर्स का सपना होता है. मगर रणदीप हुड्डा ने फिल्म में मुगल सम्राट औरंगजेब का किरदार ठुकरा दिया था. बाद में यह रोल अक्षय खन्ना को मिला और उनके दमदार अभिनय के लिए उनकी काफी तारीफ भी हुई.
औरंगजेबल का किरदार करने से घबराए थे रणदीप?
रणदीप ने अब इतनी बड़ी फिल्म रिजेक्ट करने का कारण बताया है. Zoom संग बातचीत में उन्होंने कहा कि जब डायरेक्टर लक्ष्मण उतेकर ने उन्हें 'छावा' ऑफर की थी, तब वो सही माइंड स्पेस में नहीं थे. उन्होंने कहा कि एक इंसान और फिल्म निर्माता के रूप में लक्ष्मण के लिए उनके मन में बहुत प्यार और सम्मान है, लेकिन उस समय उनका वजन बहुत कम था और उन्होंने अपना सिर भी मुंडवा रखा था, क्योंकि उसी दौरान उन्होंने अपनी फिल्म 'सावरकर' की शूटिंग खत्म की थी और उसके पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू किया था.
रणदीप बोले- मैं एक ऐसी फिल्म के कोर्ट केस और कानूनी विवादों में फंसा हुआ था, जिसकी पूरी कहानी में बहुत ज्यादा हिंदू-मुस्लिम एंगल चल रहा था और उस वक्त मैं उस दलदल या विवाद में दोबारा नहीं पड़ना चाहता था.