रणबीर कपूर और कटरीना कैफ एक समय बॉलीवुड का सबसे चर्चित कपल हुआ करता था. उनके अफेयर के किस्से काफी सुर्खियों में रहते थे. आज भले ही दोनों अपने-अपने पार्टनर्स के साथ हंसी-खुशी जीवन बिता रहे हैं. मगर एक वक्त पर उनका प्यार इंडस्ट्री में गॉसिप का हिस्सा था.
रणबीर-कटरीना के अफेयर की चर्चा तब शुरू हुई थी, जब दोनों पहली बार राजकुमार संतोषी की फिल्म अजब प्रेम की गजब कहानी में साथ आए थे. कहा जाने लगा कि दोनों उसी दौरान एक-दूसरे को डेट करने लगे थे. रणबीर तब दीपिका पादुकोण संग रिश्ते में थे. वहीं कटरीना ने उसी दौरान सलमान खान संग अपना रिलेशनशिप खत्म किया था. ऐसे में रणबीर-कटरीना के बीच नजदीकियां बढ़ने की बातें इसी फिल्म के वक्त शुरू होने लगीं.
क्या है रणबीर-कटरीना के रोमांस का सच?
अब रणबीर कपूर और कटरीना कैफ का रिश्ते अजब प्रेम की गजब कहानी फिल्म के वक्त शुरू हुआ या नहीं, इसका उस फिल्म में काम कर चुके एक्टर विश्वनाथ ने खुलासा किया है. सिद्धार्थ कन्नन के पॉडकास्ट में जब उनसे पूछा गया कि क्या रणबीर-कटरीना फिल्म के सेट पर रोमांस करते नजर आए थे? तो एक्टर ने कहा- सेट पर कुछ नहीं हो रहा था.
'राजकुमार संतोषी जी बैठे हैं वहां, उनके सामने कुछ हो सकता है? सारे वहां पर सबसे आज्ञाकारी बच्चे थे. राजकुमार संतोषी सर किंग हैं, शेर हैं वो. वो इतना अपनी कहानी और कैरेक्टर में लोगों को घुसाकर रखते थे और इतना पैंपर करते थे, ऐसा हमने कुछ नहीं देखा.'
विश्वनाथ आगे बताते हैं कि सेट पर रोमांस नहीं, कटरीना की मेहनत और लगन देखकर रणबीर और बाकी सब हैरान थे. उन्होंने एक सीन का भी जिक्र किया, जिसमें एक्ट्रेस को स्टंट करना था. एक्टर ने बताया कि कटरीना ने वो सीन काफी जल्दी और आसानी से पूरा कर दिया. साथ ही उन्होंने फिल्म के लिए अपनी स्पीच पर काफी मेहनत की, जिससे वो उनकी लगन देखकर काफी इंप्रेस हुए.
कितने समय तक रहा रिश्ता?
रणबीर-कटरीना का इश्क साल 2009 से शुरू हुआ था. दोनों कई जगह एक साथ घूमते नजर आए थे. उनकी हॉलीडे फोटोज भी एक बार वायरल हुई थीं, जिससे दोनों काफी नाराज हुए थे. दोनों ने हमेशा एक-दूसरे को अच्छा दोस्त बताया. लेकिन साल 2014 के दौरान रणबीर-कटरीना एक साथ रहने लगे, जिससे उनकी शादी की खबरें तेज होने लगीं.
मगर फिर उनका रिश्ता साल 2016 में खत्म हो गया. करीब 6 साल तक चला ये रिलेशनशिप कई लोगों का दिल तोड़ गया था. इस रिश्ते के बाद रणबीर, आलिया भट्ट से मिले जिनसे उनकी अब शादी और एक बेटी राहा है. वहीं कटरीना ने विक्की कौशल संग शादी की और अब एक बेटे विहान की मां भी हैं.