scorecardresearch
 

राम गोपाल वर्मा की फिल्म से कैसे बदली जिंदगी? राजपाल यादव ने सुनाया किस्सा

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इस समय अक्षय कुमार के साथ अपनी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज की तैयारी कर रहे हैं. उन्होंने अपनी एक फिल्म का जिक्र कर कहा कि यह एक गंभीर रोल था, जिसने सचमुच उनके लिए चीजें बदल दीं.

Advertisement
X
जंगल ने बदला राजपाल यादव का करियर (Photo: Instagram/@rajpalofficial)
जंगल ने बदला राजपाल यादव का करियर (Photo: Instagram/@rajpalofficial)

बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर राजपाल यादव आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. अपनी कॉमिक टाइमिंग से सबको हंसाने वाले राजपाल इन दिनों अक्षय कुमार के साथ अपनी अगली फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कॉमेडियन कभी एक विलेन के रूप में पर्दे पर छा गया था? 

इंडिया टुडे के साथ एक खास बातचीत में राजपाल यादव ने अपने करियर के उस मोड़ का जिक्र किया, जिसने न सिर्फ उन्हें इंडस्ट्री में पैर जमाने में मदद की, बल्कि उनके पिता की नजरों में भी उन्हें 'पास' कर दिया.

राजपाल यादव ने बड़े गर्व के साथ कहा कि फिल्म 'जंगल' उनके करियर का 150% टर्निंग पॉइंट थी. इस फिल्म ने उन्हें वह पहचान दी, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी. राजपाल बताते हैं कि इस फिल्म के हिट होने के बाद जब वे अपने गांव लौटे, तो नजारा ही कुछ और था. जो लोग पहले उन्हें ठीक से पहचानते भी नहीं थे, वे उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानने लगे. पूरे इलाके में उन्हें जो सम्मान मिला, उसने राजपाल को यह अहसास कराया कि इंडस्ट्री ने उन्हें ताउम्र के लिए एक खास जगह दे दी है. 

Advertisement

राजपाल ने शेयर किया किस्सा
बातचीत के दौरान राजपाल ने बचपन का एक ऐसा किस्सा शेयर किया, जो आज भी उनके दिल के करीब है. उन्होंने बताया कि एक बार उनके पिता ने उनके टीचर से साफ कह दिया था, 'इसे तभी पास करना जब यह इसके लायक हो, वरना फेल कर देना.' उस वक्त छोटे राजपाल को यह बात बहुत चुभी थी और उन्होंने अपनी मां से इसकी शिकायत भी की थी. तब उनके पिता ने समझाया था कि वे नहीं चाहते कि उनका बेटा सिफारिश या रिश्वत के दम पर आगे बढ़े.

राजपाल के लिए सबसे बड़ा 'अवॉर्ड' तब आया जब उन्हें राम गोपाल वर्मा की 'जंगल' में अपने नेगेटिव किरदार के लिए 'Sansui Screen Best Actor' का पुरस्कार मिला. राजपाल ने बताया कि वे अवॉर्ड लेकर अपने पिता के पास गए और उनसे बड़ी ईमानदारी से पूछा, 'अगर आपको सच में लगता है कि मैंने अच्छा काम किया है, तभी तारीफ कीजिएगा.' तब उनके पिता ने उन्हें गले लगा लिया और भावुक होकर कहा, 'राजपाल, अब तुम जिंदगी की परीक्षा में पास हो गए हो.' 

उनके कहने का मतलब था कि वह पल किसी भी अवॉर्ड या तारीफ से कहीं ज्यादा कीमती था. यादव ने यह भी माना कि इस फिल्म ने सफलता और अपनी चाहतों के प्रति उनके नजरिए को पूरी तरह से बदल दिया. एक्टर ने कहा,  'जंगल के बाद, जब मुझे अवॉर्ड और पहचान मिली, तो मुझे लगा कि इंडस्ट्री मुझे पहचान के तौर पर जो कुछ भी दे सकती थी, वह उसने पहले ही दे दिया है. उसके बाद जो कुछ भी मिला, वह मेरी जरूरत नहीं थी; बल्कि वह सब मैंने अपने जुनून की वजह से किया. इस बदलाव ने मेरी सोच को पूरी तरह से बदल दिया.'

Advertisement

वर्क फ्रंट की बात करें तो  अब राजपाल एक बार फिर प्रियदर्शन के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'भूत बंगला' में नजर आने वाले हैं. 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली इस फिल्म में अक्षय कुमार, परेश रावल और वामिका गब्बी जैसे कलाकार लीड रोल में हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement