फिल्म इंडस्ट्री से शॉकिंग खबर सामने आई है. CBFC के पूर्व चेयरमैन और प्रोड्यूसर पहलाज निहलानी अब हमारे बीच नहीं रहे. जानकारी के मुताबिक, वो काफी वक्त से बीमार चल रहे थे. कहा गया है कि पहलाज लिवर इश्यूज से जूझ रहे थे. पहलाज निहलानी के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. हर कोई उन्हें नम आंखों से विदाई दे रहा है. उनकी उम्र 76 साल थी.
पहलाज का निधन, गमगीन सितारे
पहलाज का जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ी क्षति है. सोशल मीडिया पर फैंस और बी-टाउन सितारे पहलाज को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. अचानक से आई उनकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है. फैंस ने उनकी आत्मा को शांति मिलने की दुआ की है. पहलाज ने आंखें, रंगीला राजा, अंदाज, तलाश जैसी फिल्में प्रोड्यूस की थीं.
विवादित था सेंसर बोर्ड का कार्यकाल
पहलाज 2015 और 2017 के बीच सेंसर बोर्ड के चेयरपर्सन रहे थे. उनके चेयरपर्सन रहते हुए कई फिल्मों की सेंसरशिप और फिल्म सर्टिफिकेशन को लेकर विवाद हुआ था. पहलाज के फैसलों ने फिल्म इंडस्ट्री में बहस छेड़ी थी. मूवी उड़ता पंजाब की सेंसरशिप के दौरान मेकर्स और पहलाज के बीच का विवाद खूब हाईलाइट हुआ था. कंट्रोवर्सी से घिरे रहने की वजह से 2017 में पहलाज को सेंसर बोर्ड की अध्यक्षता से हटाकर ऐड-मैन प्रसून जोशी से उन्हें रिप्लेस किया गया था. सेंसर बोर्ड से हटाए जाने के बाद पहलाज 2017 में आई इरॉटिक फिल्म जूली 2 के डिस्ट्रीब्यूटर और प्रोड्यूसर थे.
बतौर प्रोड्यूसर, पहलाज ने कई कमर्शियल हिंदी फिल्में बनाई थीं. पहलाज ने 1982 में आई फिल्म हथकड़ी से बतौर प्रोड्यूसर अपना करियर शुरू किया था. इसके बाद उन्होंने आंखें, शोला और शबनम, अंदाज, पाप की दुनिया, तलाश, रंगीला राजा जैसी फिल्में इंडस्ट्री को दीं. वो पहलाज ही थे जिन्होंने गोविंदा और चंकी पांडे को बॉलीवुड में बड़ा ब्रेक देकर उनका करियर बनाया. बतौर प्रोड्यूसर गोविंदा की रंगीला राजा पहलाज की आखिरी फिल्म थी. ये मूवी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी थी.
पहलाज 1980 से 2009 तक 'मोशन पिक्चर्स एंड टीवी प्रोग्राम प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन' (AMPTPP) के अध्यक्ष भी रहे थे.
RIP पहलाज निहलानी.