scorecardresearch
 

69 की नफीसा अली ने की 11 हजार फीट की ट्रैकिंग! कैंसर का चल रहा इलाज, दामाद के सहारे बनाया रिकॉर्ड

स्टेज-4 कैंसर से जंग लड़ रहीं 69 वर्षीय नफीसा अली ने हिमाचल में 11 हजार फीट की ऊंचाई पर ट्रैकिंग कर सबको प्रेरित कर दिया. सर्जरी और कीमोथेरेपी के बाद भी उनका हौसला देखकर फैंस भावुक हो गए.

Advertisement
X
कैंसर से जंग के बीच नफीसा अली ने की चढ़ाई (Photo: ITGD)
कैंसर से जंग के बीच नफीसा अली ने की चढ़ाई (Photo: ITGD)

बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस, पूर्व मिस इंडिया और राजनेता नफीसा अली सोढ़ी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों के आगे उम्र और बीमारी भी हार मान लेती है. 69 साल की नफीसा इन दिनों स्टेज-4 कैंसर से जंग लड़ रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने हिमाचल प्रदेश के रोहतांग के पास 11 हजार फीट की ऊंचाई पर ट्रैकिंग कर हर किसी को हैरान कर दिया.

नफीसा ने इस खास ट्रिप की कई झलकियां सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं. फैंस उनकी हिम्मत, जज्बे और जिंदगी को जीने के अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

सर्जरी और कीमोथेरेपी के बाद मिली नई ऊर्जा

नफीसा ने ट्रैकिंग का वीडियो शेयर करते हुए बताया कि इस अनुभव ने उन्हें अंदर से पूरी तरह तरोताजा कर दिया. उन्होंने लिखा- 11 हजार फीट की ऊंचाई पर दोस्तों और परिवार के साथ शानदार पिकनिक के लिए ट्रैकिंग की. वीडियो में मेरा दामाद और मेरा नाती मुझे रास्ते में सहारा देते नजर आ रहे हैं. सर्जरी और कई बार कीमोथेरेपी के बाद इस ट्रैकिंग ने मुझे बिल्कुल नया महसूस कराया.

दामाद और नाती बने सहारा

एक दूसरे पोस्ट में नफीसा ने बताया कि पहाड़ों पर चढ़ाई आसान नहीं थी, लेकिन परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया. उन्होंने लिखा- 11 हजार फीट की ऊंचाई पर रोहतांग के पास मेरा दामाद आदिल और आमैर मुझे चट्टानों पर चढ़ने में मदद कर रहे थे. आखिरकार मैं कार तक पहुंच गई. ये बेहद मजेदार अनुभव था.

Advertisement

अटल टनल पार कर पहुंचे सिस्सू

नफीसा ने अपनी इस यादगार यात्रा का खूबसूरत नजारा भी फैंस के साथ साझा किया. उन्होंने बताया कि परिवार के साथ अटल टनल पार करने के बाद वे सिस्सू पहुंचे, जहां हिमालय की वादियों के बीच पिकनिक का आनंद लिया.

उन्होंने लिखा- अटल टनल पार करने के बाद हम सिस्सू पहुंचे और 11 हजार फीट की ऊंचाई पर पिकनिक लंच किया. ये सचमुच एक शानदार अनुभव था.

कैंसर से जंग जारी

बता दें कि नफीसा अली पिछले कई सालों से कैंसर से लड़ रही हैं. साल 2018 में उन्हें स्टेज-3 पेरिटोनियल और ओवेरियन कैंसर का पता चला था. इलाज के बाद 2019 में उन्होंने बताया था कि वो कैंसर-फ्री हो गई हैं. लेकिन पिछले साल उन्होंने खुलासा किया कि बीमारी दोबारा लौट आई है और अब कैंसर स्टेज-4 तक पहुंच चुका है. इसके बाद से वो फिर से कीमोथेरेपी ले रही हैं.

नफीसा अली सिर्फ एक बेहतरीन एक्ट्रेस ही नहीं, बल्कि पूर्व मिस इंडिया और नेशनल लेवल की स्विमर भी रह चुकी हैं. उन्होंने अपने करियर में जुनून, मेजर साब, लाइफ इन ए... मेट्रो, बेवफा और यमला पगला दीवाना जैसी फिल्मों में शानदार काम किया है.

नफीसा ने अमिताभ बच्चन, शशि कपूर और धर्मेंद्र जैसे दिग्गज सितारों के साथ भी स्क्रीन शेयर किया है. आज भी वो अपनी जिंदगी को पूरी सकारात्मकता के साथ जी रही हैं और लाखों लोगों के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement