scorecardresearch
 

'काला हिरण' के प्रोड्यूसर ने फाड़ा सलमान का लीगल नोटिस, Video शेयर करके दी चेतावनी

'काला हिरण' के प्रोड्यूसर अमित जानी ने सलमान खान की टीम द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस को फाड़ दिया और आरोप लगाया कि फिल्म की घोषणा के बाद से उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.

Advertisement
X
अमित जानी ने नोटिस को फाड़ा (Photo: Screengrab)
अमित जानी ने नोटिस को फाड़ा (Photo: Screengrab)

बॉलीवुड के 'दबंग' यानी सलमान खान का 1998 का काला हिरण शिकार मामला एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह कोई कानूनन कार्रवाई नहीं बल्कि एक अपकमिंग फिल्म है. फिल्म 'काला हिरण' को लेकर विवाद अब अपने चरम पर पहुंच गया है. इस फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने सलमान खान की लीगल टीम द्वारा भेजे गए नोटिस का जो जवाब दिया है, उसने हर तरफ सनसनी मचा दी है.

अमित जानी ने न सिर्फ सार्वजनिक तौर पर इस लीगल नोटिस को फाड़कर फेंक दिया, बल्कि सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर यह सनसनीखेज दावा भी किया है कि इस प्रोजेक्ट की घोषणा के बाद से ही उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. 

वीडियो शेयर कर लगाए गंभीर आरोप
प्रोड्यूसर अमित जानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो शेयर कर इस पूरे मामले की जानकारी दी है. वीडियो में उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म की घोषणा होने के बाद से ही उन्हें ऐसे लोग फोन और मैसेज कर रहे हैं, जो खुद को सलमान खान का सपोर्टर बता रहे हैं. इतना ही नहीं, जानी ने एक और चौंकाने वाला दावा करते हुए कहा कि उन्हें कुख्यात डी-कंपनी (D-Company) से जुड़ा हुआ एक मैसेज भी मिला है. हालांकि, उन्होंने खुद इस बात को स्वीकार किया कि वह इस मैसेज की सच्चाई या इसके पीछे के लोगों की पुष्टि नहीं कर सकते.

Advertisement

जानी ने वीडियो के जरिए अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की और सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में उन्हें पहले लीगल नोटिस का जवाब देना चाहिए या फिर इन जानलेवा धमकियों से निपटना चाहिए? उन्होंने बताया कि पिछले 36 घंटों के भीतर उन्हें कई धमकी भरे मैसेज मिल चुके हैं. इन मैसेजेस में उन्हें साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि वह मुंबई कदम न रखें. इस तरह की धमकियों के बाद फिल्म इंडस्ट्री और मेकर्स के बीच सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.

सलमान खान के नोटिस को फाड़ा
वीडियो में अमित जानी का गुस्सा साफ तौर पर देखा जा सकता है. कैमरे के सामने लीगल नोटिस की कॉपी को फाड़ते हुए प्रोड्यूसर ने कड़े लहजे में कहा कि इस फटे हुए कागज के टुकड़े ही सलमान खान की लीगल टीम को उनका अंतिम जवाब हैं. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वह इस तरह की धमकियों और दबाव के आगे झुकने वाले नहीं हैं. वह न तो इन हरकतों से डरेंगे और न ही अपने इस प्रोजेक्ट से पीछे हटेंगे, वह अपनी बात पर पूरी तरह कायम हैं.

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
इस पूरे विवाद की जड़ वह लीगल नोटिस है जो कथित तौर पर सलमान खान की लीगल टीम की तरफ से 'काला हिरण' के मेकर्स को भेजा गया था. इस नोटिस में मेकर्स पर कड़ा ऐतराज जताते हुए मांग की गई थी कि वे फिल्म से जुड़ा कोई भी कंटेंट, पोस्टर या टीजर न तो रिलीज करें और न ही कहीं पब्लिश करें. 

Advertisement

इसके साथ ही एक्टर की टीम ने मेकर्स से लिखित माफी की भी मांग की थी. दरअसल, यह फिल्म सलमान खान के जीवन के सबसे विवादित काले हिरण शिकार मामले से जुड़ी बताई जा रही है, यही वजह है कि इसके ऐलान के बाद से ही इस पर लगातार बहस और विवाद का सिलसिला जारी है।

सलमान खान की टीम की तरफ से चुप्पी
अमित जानी द्वारा लीगल नोटिस को सरेआम फाड़ने और डी-कंपनी का नाम लेकर धमकियां मिलने के दावों के बाद से माहौल काफी गरमा गया है. हालांकि, प्रोड्यूसर की इस ताजा और तीखी प्रतिक्रिया के बाद अब तक सलमान खान या उनकी लीगल टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या नया जवाब सामने नहीं आया है. अब देखना यह होगा कि यह कानूनी और जुबानी जंग आगे क्या मोड़ लेती है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement