'इंडियन आइडल' सिंगर मोहम्मद दानिश के घर में खुशियों का माहौल है. हाल ही में उनकी छोटी बहन शादी के बंधन में बंधी हैं. दानिश ने धूमधाम से अपनी बहन की शादी का जश्न मनाया. सिंगर की बहन की शादी में टीवी और सिनेमा की दुनिया की कई दिग्गज हस्तियों ने रंग जमाया.
बहन की विदाई में भावुक हुए दानिश
दानिश ने अब लाडली बहन की विदाई का एक दिल को छू लेने वाला वीडियो शेयर किया है. सिंगर की बहन घूंघट में नजर आ रही हैं. उनके दूल्हे राजा भी उनके साथ देखे जा सकते हैं. बहन को विदा करते समय मोहम्मद दानिश ने कव्वाली गाकर रंग जमा दिया.
दानिश ने बहन की विदाई का भावुक वीडियो अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया है. वीडियो के साथ दानिश ने कैप्शन में लिखा- अपनी बहन की शादी को जिस खूबसूरती, शान और बरकत के साथ मुकम्मल करने की दुआ की थी, मौला ने उससे भी बढ़कर नवाज दिया.
दानिश की पोस्ट पर फैंस प्यार लुटा रहे हैं. उन्होंने जितने ग्रैंड अंदाज में अपनी बहन की शादी की है, वो देखकर फैंस खुशी से गदगद होगए हैं. फैंस उन्हें बेस्ट भाई बता रहे हैं.
शादी में पहुंचे कई सितारे
बता दें कि मोहम्मद दानिश की छोटी बहन की शादी में बॉलीवुड एक्टर अरबाज खान, अमन वर्मा, टीवी स्टार शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ जैसे सितारे शामिल हुए. इंडियन आइडल के भी कई सिंगर्स ने शादी में अपनी मौजूदगी से चार चांद लगाए. सोशल मीडिया पर उनकी बहन की शादी के फोटोज-वीडियोज छाए हुए हैं.
मोहम्मद दानिश की बात करें तो उन्हें इंडियन आइडल 12 से तगड़ी पहचान मिली. दानिश शो के विनर तो नहीं बन पाए, लेकिन उन्होंने अपनी रूहानी आवाज और दमदार गायकी से हर किसी का दिल जीत लिया. दानिश के गाने सीधा दिल को छू लेते हैं. हाल ही में उनका 'मेहंदी से लिख दे मेरा नाम' रिलीज हुआ है, जिसे लोगों का खूब प्यार मिल रहा है.