फिल्म हनुमान अंश में जो भी एक्टर/एक्ट्रेस नजर आया है, उन सबकी फैन फॉलोइंग बढ़ती नजर आई है. फिर चाहे वो एक रोल हो या गाने में उनकी छोटी सी झलक. ईरान में जन्मी बॉलीवुड एक्ट्रेस अग्नि अग्यारी भी इस फिल्म का छोटा सा हिस्सा थीं. उन्हें पार्वती गाने में देखा गया था, जो यूट्यूब पर खूब वायरल हुआ. इस गाने में छोटी सी झलक से ही उनकी पॉपुलैरिटी काफी बढ़ गई है.
गाने से छाकर खुश हुईं अग्नि अग्यारी
अग्नि अग्यारी की पॉपुलैरिटी की सबसे खास बात ये है कि उन्होंने इस गाने को गाया नहीं था, बल्कि सिर्फ इसमें परफॉर्म किया था. मगर तब भी लोगों की नजर उनपर पड़ी, और अब उनके पुराने कामों को भी नोटिस किया जा रहा है. HT से बातचीत में ईरानी एक्ट्रेस अग्नि ने इसपर काफी खुशी जाहिर की है.
उन्होंने कहा- मुझे इस गाने में इसलिए लिया गया क्योंकि मैं हैंडपैन और काहून (क्लैप बॉक्स) जैसे इंस्ट्रूमेंट बजाना जानती हूं. मेकर्स को इस गाने के लिए एक एक्टर से ज्यादा म्यूजिशियन की जरूरत थी और मेरी म्यूजिकल ट्रेनिंग यहां काम आई. यहां तक कि गाने में मैंने अपनी ही साड़ी पहनी थी. मुझे मिल रहा प्यार देखकर मैं बहुत खुश हूं. मेरे पुराने काम को भी अब लोग नोटिस कर रहे हैं. मैं इस मौके के लिए डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी और सिंगर-कंपोजर ऋषि पाठक को धन्यवाद देती हूं.
भारत से है पुराना नाता
अग्नि अग्यारी का आगे मानना है कि फिल्म हनुमान से मिली सफलता का कनेक्शन उनका इंडिया से कोई पुराना नाता है. वो कहती हैं- मुझे खुद नहीं पता कि ऐसा क्यों है, लेकिन मुझे लगता है कि कुछ तो है जो उन्हें भारत से जोड़ता है. शायद पिछले जन्म का कोई कनेक्शन हो. मेरा जन्म और परवरिश ईरान के तेहरान में हुई है. मैं पारसी परिवार से आती हूं. इसके बावजूद बचपन से ही मेरी इंडियन फिल्मों में काफी दिलचस्पी थी. मुझे बचपन में ओम जय जगदीश हरे भजन बहुत पसंद था. मैंने इस भजन को पर्शियन भाषा में लिख लिया था और अपनी मां के एक स्टूडेंट से मिले सरस्वती माता के फोटो के सामने बैठकर इसे गाया करती थी. मैं दिल से मैं इंडियन ही हूं.
बता दें कि अग्नि अग्यारी पिछले करीब चार साल से भारत में काम कर रही हैं. इस दौरान वो शाहरुख खान, करीना कपूर खान और यामी गौतम के साथ ऐड्स में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा वो बड़े अच्छे लगते हैं-3 और शो टाइम जैसे टीवी शोज में भी नजर आ चुकी हैं. अग्नि के हाल ही में आए सबसे बड़ा प्रोजेक्ट संजय लीला भंसाली के प्रोडक्शन दो दीवाने शहर में और फिल्म लव लॉटरी रहे हैं. इन फिल्मों में उन्होंने अहम रोल निभाए थे.