How To Fix Drawer: अलमारी या किचन के कैबिनेट्स की दराज ढंग से बंद करने के बाद अगर वो बार-बार अपने आप खुल जाती है, तो लोगों को काफी झुंझलाहट होने लगती है. ये समस्या सुनने में बेशक छोटी लगती है, लेकिन लोगों को काफी परेशान कर सकती है. खासकर जब दराज सामान से भरी हो और खुलते ही चीजें बाहर गिरने लगें. ऐसी स्थिति में अक्सर लगता है कि दराज का चैनल खराब हो गया है. चैनल खराब की बात सोचकर लोग सीधा कारपेंटर को बुलाना का मन बना लेते हैं और सोचते हैं अब बिना पैसे खर्च किए काम नहीं चलेगा.
लेकिन हर बार कारपेंटर की जरूरत नहीं पड़ती. अगर चैनल टूटा नहीं है और बस ठीक से लॉक नहीं हो रहा, तो इसे घर पर ही आसानी से ठीक किया जा सकता है. इसके लिए न नया चैनल खरीदना पड़ेगा और न ही किसी महंगे सामान की जरूरत होगी. बस प्लास की मदद से एक छोटी-सी ट्रिक अपनाकर इस समस्या से झटपट छुटकारा पाया जा सकता है. चलिए जानते हैं कि बार-बार खुलती दराज को घर पर कैसे ठीक किया जा सकता है.
सबसे पहले दराज को बाहर निकालें
इस ट्रिक को करने के लिए सबसे पहले दराज को पूरी तरह बाहर निकाल लें. इसे धीरे-धीरे खींचकर चैनल से अलग करें. दराज बाहर निकलने के बाद आपको उसके दोनों तरफ लगे चैनल साफ दिखाई देंगे.
चैनल के पीछे लगी रबर हटाएं
अब चैनल के पीछे की तरफ एक छोटी-सी रबर लगी होगी. इसे सावधानी से निकाल दें. रबर हटाने के बाद आपको वहां चैनल की एक पतली पत्ती दिखाई देगी. दराज को लॉक करने के लिए ये हिस्सा बहुत जरूरी होता है.
प्लास से पत्ती को हल्का सा मोड़ें
अब एक प्लास लें और चैनल की इस पत्ती को बहुत हल्का सा मोड़ें. ध्यान रखें कि इसे ज्यादा जोर लगाकर न मोड़ें. बस इतना एडजस्ट करें कि दराज अंदर जाने के बाद आसानी से वापस बाहर न खिसके.
इसके बाद दराज के दूसरी तरफ लगे चैनल की पत्ती को भी इसी तरह हल्का-सा मोड़ें. दोनों तरफ एक जैसा एडजस्टमेंट करना जरूरी है, वरना दराज टेढ़ी लग सकती है या ठीक से अंदर-बाहर नहीं होगी.
रबर वापस लगाकर दराज फिट करें
पत्ती को एडजस्ट करने के बाद चैनल के पीछे लगी रबर को फिर से उसकी जगह पर लगा दें. इसके बाद दराज को वापस चैनल में लगाएं और उसे अंदर की तरफ खिसका दें.
अब दराज को एक-दो बार खोलकर और बंद करके चेक करें. अगर पत्ती सही तरीके से एडजस्ट हुई है, तो दराज अंदर जाकर रुकेगी और पहले की तरह अपने आप बाहर नहीं आएगी.
कब बुलाएं कारपेंटर?
ध्यान रखें कि ये तरीका तभी आजमाएं जब चैनल सिर्फ ढीला हो या दराज ठीक से लॉक न हो रही हो. अगर चैनल टूटा हुआ है, बुरी तरह टेढ़ा हो गया है या पत्ती एडजस्ट करने के बाद भी दराज बार-बार बाहर आ रही है, तो उसे जबरदस्ती मोड़ने की कोशिश न करें. ऐसी कंडीशन में चैनल को ठीक से चेक करवाना या जरूरत पड़ने पर बदलवाना बेहतर रहेगा.
यानी सिर्फ दराज के बार-बार खुलने पर तुरंत कारपेंटर बुलाने या पूरा चैनल बदलवाने की जरूरत नहीं है. पहले ये आसान ट्रिक आजमाकर देख सकते हैं. कई बार छोटी-सी एडजस्टमेंट से ही दराज की समस्या ठीक हो जाती है.