धुरंधर की सफलता को न सिर्फ इसकी कास्ट और टीम एंजॉय कर रही है, बल्कि वो भी झूम रहे हैं जिन्हें इस फिल्म ने अलग पहचान दे दी है. ऑटो रिक्शा ड्राइवर के बाद अब एक डॉक्टर चर्चा में आ गए हैं, जो महज कुछ सेकेंड के लिए फिल्म में नजर आए. सेट पर इलाज करने आए सरकारी डॉक्टर सनी अशोक को एक मौका मिला और फिल्म ने उन्हें अपने शहर का सेलेब्रिटी बना दिया.
लुधियाना जिले के पखोवाल से आने वाले डॉ. सनी अशोक ने रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में एक छोटा सा रोल किया है. ये मौका उन्हें तब मिला, जब उन्होंने शूटिंग के दौरान मेजर इकबाल का रोल निभाने वाले एक्टर अर्जुन रामपाल का इलाज किया था.
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की शूटिंग पंजाब के कई इलाकों में हुई थी. इसमें लुधियाना के पास रेलवे ट्रैक और शाहनेवाल एयरपोर्ट जैसे लोकेशन भी शामिल थे. शूटिंग के दौरान फिल्म की टीम का स्थानीय लोगों, पुलिस और एक सरकारी डॉक्टर से भी संपर्क हुआ- जो बाद में फिल्म का हिस्सा बन गए.
कैसे मिला फिल्म में रोल?
कलाख गांव के सरकारी हेल्थ सेंटर में तैनात डॉक्टर सनी अशोक को 8 जुलाई 2025 को शूटिंग लोकेशन पर बुलाया गया. उस दौरान अर्जुन रामपाल एक चेज सीन की शूटिंग करते हुए रेलवे ट्रैक पर सिर में चोट लग गई थी.
द ट्रिब्यून से डॉ. अशोक बताते हैं- थोड़ा घबराहट का माहौल था, लगा कि अर्जुन को स्कैन और अस्पताल ले जाना पड़ेगा. लेकिन चोट ज्यादा गंभीर नहीं थी. मैंने उनके रिफ्लेक्स चेक किए और सब ठीक था. सब लोग खुश हो गए कि वो ठीक हैं.
रणवीर सिंह की बात बनी हकीकत
तीन दिन बाद, 11 जुलाई की रात को फिर से डॉ. अशोक को शाहनेवाल एयरपोर्ट पर शूटिंग के लिए बुलाया गया. वहीं एक मजाक-मजाक में कही गई बात सच हो गई.
डॉ. अशोक ने बताया- मैंने रणवीर सिंह से फोटो मांगी, तो उन्होंने मेरे कंधे पर हाथ रखकर कहा- भाई, सिर्फ फोटो क्यों, तुम्हें फिल्म में भी लेंगे. मुझे लगा वो मजाक कर रहे हैं. लेकिन ऐसा नहीं था. डायरेक्टर आदित्य धर ने तुरंत बताया कि एक सीन में घायल रणवीर सिंह को प्लेन से उतरते वक्त डॉक्टर की जरूरत है और वहीं पर डॉ. अशोक को कास्ट कर लिया गया.
डॉ. अशोक ने बताया कि उनका सीन भले ही कुछ सेकंड का है, लेकिन शूटिंग एक ही टेक में पूरी हो गई. आदित्य धर ने मुझे बधाई दी और कहा कि मैंने बहुत नेचुरल एक्टिंग की. मैंने कैमरे की तरफ देखा भी नहीं और बिल्कुल एक असली डॉक्टर की तरह बर्ताव किया.
सेलेब्रिटी बने डॉक्टर
भले ही उनका रोल छोटा है, लेकिन अब डॉ. अशोक अपने इलाके में सेलिब्रिटी बन गए हैं. सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के जरिए उनका वीडियो वायरल हो गया है. दोस्त, पड़ोसी और जान-पहचान वाले उनसे लगातार उनके अनुभव के बारे में पूछ रहे हैं.
डॉ. अशोक ने बताया कि फिल्म के स्टार्स उतने दूर या अलग नहीं हैं, जितना लोग सोचते हैं. पूरी टीम, खासकर रणवीर सिंह और अर्जुन रामपाल बहुत ही जमीन से जुड़े और दोस्ताना स्वभाव के हैं.
परिवार का भी बॉलीवुड से कनेक्शन
डॉ. अशोक के परिवार का भी बॉलीवुड से पुराना रिश्ता रहा है. उनके पिता डॉ. देविंदर अशोक, एक्टर धर्मेंद्र के दोस्त रहे हैं. उनके पास धर्मेंद्र और उनके परिवार के साथ कई तस्वीरें भी हैं, जिन्हें वो बड़े प्यार से संभालकर रखते हैं.