आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सफलता का परचम लहराने के बाद अब वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत छाप छोड़ी है. टी-सीरीज़ और बी62 स्टूडियोज ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि फिल्म के पूरे म्यूजिक एल्बम को प्रतिष्ठित ग्रैमी अवार्ड्स (Grammy Awards) की दौड़ में शामिल किया गया है.
टी-सीरीज और बी62 स्टूडियोज द्वारा शेयर की गई जानकारी के मुताबिक, म्यूजिक डायरेक्टर शाश्वत सचदेव को 'विजुअल मीडिया के लिए सर्वश्रेष्ठ संकलन साउंडट्रैक' श्रेणी में नामांकित किया गया है. इसके अलावा, फिल्म के चर्चित गीत 'फिर से' को 'विजुअल मीडिया के लिए लिखे गए सर्वश्रेष्ठ गीत' श्रेणी में शामिल किया गया है. वहीं 'जान से गुजारते हैं' और 'कन्हैया' को 'सर्वश्रेष्ठ वैश्विक संगीत प्रदर्शन' तथा हिट ट्रैक 'आरी आरी' को 'सर्वश्रेष्ठ एशियाई पॉप संगीत प्रदर्शन' की श्रेणी में पेश किया गया है.
रैप, पॉप और रीमिक्स गानों की एंट्री
फिल्म के बाकी गानों को भी उनकी शैली के हिसाब से अलग-अलग श्रेणियों में प्रविष्टियां मिली हैं. इनमें 'जाए सजन' को 'सर्वश्रेष्ठ पॉप युगल/समूह प्रदर्शन', 'डेस्टिनी - मान अटकेया' को 'सर्वश्रेष्ठ रैप प्रदर्शन', 'वारी जवान' को 'सर्वश्रेष्ठ डांस/इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्डिंग' और 'हम प्यार करने वाले' को 'सर्वश्रेष्ठ रीमिक्स रिकॉर्डिंग' श्रेणी में भेजा गया है. यह विविधता दर्शाती है कि फिल्म का एल्बम हर तरह के संगीत का बेहतरीन मिश्रण है.
क्या ग्रैमी अवॉर्ड पक्का?
हालांकि यहां यह समझना जरूरी है कि ग्रैमी अभियान का मतलब किसी कृति को विचार और समीक्षा के लिए प्रक्रिया में प्रस्तुत करना होता है. यह सीधे तौर पर फाइनल नॉमिनेशन या ट्रॉफी जीतने की गारंटी नहीं देता. किसी भी गाने या एल्बम को अंतिम नामांकनों में जगह बनाने के लिए रिकॉर्डिंग अकादमी की तय पात्रता शर्तों को पूरा करना होता है और उनकी कड़ी वोटिंग प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है.
टीवी पर होने जा रहा है वर्ल्ड प्रीमियर
जो दर्शक 'धुरंधर: द रिवेंज' को सिनेमाघरों में देखने से चूक गए थे या इसे दोबारा देखना चाहते हैं, उनके लिए एक और बड़ी खुशखबरी है. रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकारों से सजी यह एक्शन-थ्रिलर फिल्म अब छोटे पर्दे पर दस्तक देने जा रही है. इसका टेलीविजन प्रीमियर रविवार, 18 अक्टूबर 2026 को शाम 7:00 बजे स्टार गोल्ड पर होगा, जहां दर्शक अपने घर पर बैठकर ही इसका लुत्फ उठा सकेंगे.