रणवीर सिंह स्टारर फिल्म धुरंधर 2 सिनेमाघरों में 19 मार्च को रिलीज होने जा रही है. दिसंबर 2025 में पहली फिल्म धुरंधर के थिएटर्स में आते ही इस सीक्वल को लेकर जबरदस्त एक्साइटमेंट शुरू हो गया था. भले ही इसका क्लैश यश की फिल्म टॉक्सिक से हो रहा हो, लेकिन इसके बावजूद फिल्म को लेकर क्रेज कम नहीं हुआ है.
इस फिल्म में आर. माधवन एक बार फिर अजय सान्याल के रोल में नजर आएंगे, जो IB डायरेक्टर हैं और जिनका किरदार अजित डोवाल से प्रेरित बताया जाता है. माधवन ने हाल ही में सोनिया शेनॉय के यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू देते हुए फिल्म को लेकर यूएई में दिख रहे जबरदस्त क्रेज के बारे में बात की.
यूएई में बैन, फिर भी दीवानगी बरकरार
माधवन ने बताया कि जब पहली फिल्म रिलीज हुई थी, तब गल्फ देशों के कई फैंस सिर्फ फिल्म देखने के लिए भारत आए और फिर वापस लौट गए, क्योंकि फिल्म यूएई में बैन थी. उन्होंने कहा- यही होती है अच्छे कंटेंट की ताकत.
उन्होंने आगे बताया कि धुरंधर 2 के लिए यूएई के फैंस 19 मार्च के आसपास अपने बिजनेस मीटिंग्स प्लान कर रहे हैं ताकि वो भारत आकर थिएटर में फिल्म देख सकें.
माधवन बोले- उनके लिए IPTV पर फिल्म देखना बहुत आसान है. और मुझे यकीन है कि वो देख भी सकते हैं. लेकिन वो धुरंधर जैसी फिल्म को थिएटर में, लोगों के बीच बैठकर देखना चाहते हैं. वो कम्युनिटी एक्सपीरियंस अलग ही होता है. घर पर अकेले वही फिल्म देखना बिल्कुल अलग बात है. ये ऐसा है जैसे टीवी के सामने खड़े होकर डांडिया करना. डांडिया तो मैदान में, लोगों के साथ खेला जाता है.
बदलेगा एक्शन फिल्मों का ट्रेंड?
माधवन ने ये भी कहा कि पहले भारतीय फिल्में ज्यादातर इंडिया-पाकिस्तान वॉर या आजादी की लड़ाई जैसे मुद्दों पर आधारित होती थीं. लेकिन नई पीढ़ी अब उन कहानियों में उतनी दिलचस्पी नहीं लेती.
उन्होंने कहा- अब लोग कहते हैं, समझ गया मैं… कितनी बार बताओगे? मुझे लगता है धुरंधर के बाद ये इंडिया-पाकिस्तान वाला फेज खत्म हो जाएगा. अब फुल स्टॉप लग जाएगा.
धुरंधर: द रिवेंज इस सीरीज का दूसरा और आखिरी पार्ट है. फिल्म में रणवीर सिंह के साथ अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, दानिश पंडोर, गौरव गेरा और मानव गोहिल समेत पहले पार्ट की पूरी टीम नजर आएगी.
दिलचस्प बात ये है कि दूसरे पार्ट की शूटिंग पहले पार्ट के साथ ही की गई थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि 19 मार्च को रिलीज के बाद ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है.