बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे. मगर उनकी यादें सभी हिंदी सिनेमा लवर्स के दिलों में बसी हैं. उनके हर काम को सराहना मिली है. धर्मेंद्र ने लगभग छह दशक तक इंडस्ट्री में अपने काम से सबका प्यार पाया. उनके जाने से बॉलीवुड इंडस्ट्री का हर सितारा दुखी था.
धर्मेंद्र के निधन को काफी वक्त बीत चुका है. मगर उनकी बातें और उनका सम्मान अभी भी किया जा रहा है. बीते दिनों एक अवॉर्ड फंक्शन में एक्टर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. धर्मेंद्र का अवॉर्ड लेने मंच पर बॉबी देओल पहुंचे.
धर्मेंद्र को मिले सम्मान से भावुक हुए बॉबी
अपने पिता को मिल रहे सम्मान से बॉबी की आंखें तुरंत नम हो गईं. वो अपनी स्पीच के दौरान सिसक-सिसक कर रोने लगे और अपने लेजेंडरी पिता धर्मेंद्र को धन्यवाद किया, जिन्होंने अपने योगदान से लोगों का प्यार पाया. बॉबी देओल ने कहा, 'मुझे आप सभी की आंखों में अपने पापा के लिए प्यार दिखाई देता है. मेरे पापा ने आपको जाने बिना ही अपने काम और सोशल मीडिया रील्स के जरिए आप सभी के दिलों को छुआ है. इंस्टाग्राम पर रील्स बनाना उनका नया शौक बन गया था.'
'वो हमेशा यही चाहते थे कि हर कोई खुश रहे. वो हमेशा ये मानते थे कि हम सभी के अंदर कोई ना कोई टैलेंट होता है और अगर हम उसपर विश्वास करेंगे, तो जीवन में हम कुछ भी हासिल कर सकते हैं. इसलिए उन्होंने इतने सालों तक इस इंडस्ट्री में काम किया. उन्होंने भी यहां अच्छे-बुरे सभी दिन देखे, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी.'
बॉबी ने आगे उन लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने उनके पिता धर्मेंद्र और पूरे परिवार को प्यार दिया. एक्टर ने कहा, 'मैं जहां भी जाता हूं, जिससे भी मिलता हूं, मुझे बहुत प्यार मिलता है. क्योंकि मेरे पापा और भाई के लिए सबके दिलों के ताले खुले हुए हैं. लोग मेरे पापा से इतना प्यार करते हैं कि वो बिना सोचे-समझे मुझे और मेरे भाई को अपना लेते हैं. मुझे अब भी लगता है कि मैं घर जाकर उन्हें बताऊंगा कि मैंने ये पुरस्कार उनके लिए जीता है. मैं बहुत भाग्यशाली हूं और भगवान का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे उनका बेटा बनाया. पापा, आप बेस्ट हैं.'