बॉबी देओल इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘बंदर’ को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म में बॉबी एक बिल्कुल अलग और दमदार अंदाज में नजर आने वाले हैं. खुद एक्टर ने कहा है कि इस रोल के लिए उन्होंने अपनी सारी झिझक छोड़ दी और 'बेशर्मी' के साथ काम किया.
इस फिल्म का डायरेक्शन अनुराग कश्यप कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है. सुदीप शर्मा इससे पहले ‘पाताल लोक’, ‘कोहरा’ और ‘उड़ता पंजाब’ जैसी चर्चित कहानियों के लिए जाने जाते हैं. हाल ही में उनकी ‘कोहरा 2’ को भी काफी तारीफ मिली थी.
मैंने शर्म छोड़ दी- बॉबी देओल
फिल्म को लेकर बात करते हुए बॉबी देओल ने कहा- हर एक्टर कुछ अलग करना चाहता है, क्योंकि एक बार आपकी एक इमेज बन जाती है तो उससे बाहर निकलना बहुत मुश्किल हो जाता है. कलाकार टाइपकास्ट हो जाते हैं. मेरे साथ भी ऐसा हुआ. लेकिन अब मुझे लगता है कि ‘बंदर’ मेरे कम्फर्ट जोन से बिल्कुल बाहर की फिल्म है. मैंने अपनी शर्म और झिझक को किनारे रख दिया और इस फिल्म को पूरी बेशर्मी के साथ किया.
बॉबी देओल पिछले कुछ समय से लगातार दमदार किरदार निभाकर लोगों का दिल जीत रहे हैं. अब ‘बंदर’ में वो लीड रोल में नजर आएंगे और कहा जा रहा है कि ये फिल्म उनके करियर की सबसे अलग फिल्मों में से एक हो सकती है.
दमदार स्टारकास्ट से सजी है फिल्म
फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, जितेंद्र जोशी, सपना पब्बी, इंद्रजीत सुकुमारन, ऋद्धि सेन, सबा आजाद और नागेश भोसले जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
फिल्म को निखिल द्विवेदी प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसे जी स्टूडियोज का सपोर्ट मिला है.
क्या है फिल्म की कहानी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बंदर’ एक गलत तरीके से जेल भेजे गए इंसान की कहानी दिखाएगी. फिल्म में सत्ता, भ्रष्टाचार और सिस्टम की नाकामी जैसे गंभीर मुद्दों को दिखाया जाएगा. बताया जा रहा है कि फिल्म काफी रॉ, रियलिस्टिक और राजनीतिक रंग लिए हुए होगी.
‘बंदर’ 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है और इसे 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में गिना जा रहा है.