रणवीर सिंह की तूफानी ब्लॉकबस्टर धुरंधर 2 ने लगातार एक महीने बॉक्स ऑफिस पर अकेले डटकर राज किया है. पर अब अक्षय कुमार की भूत बंगला वो पहली बड़ी फिल्म बन गई है, जो धुरंधर 2 की रफ्तार स्लो करने का दम रखती है. लेकिन बड़ी बात ये है कि शुक्रवार को भूत बंगला के रिलीज होने के बावजूद धुरंधर 2 ने दमदार कलेक्शन किया है.
धुरंधर 2 अभी भी दमदार
अक्षय कुमार की भूत बंगला एक महीने बाद बॉलीवुड की बड़ी रिलीज बनकर आई है. 19 मार्च को धुरंधर 2 थिएटर्स में पहुंची थी और तब से अकेले ही बॉक्स ऑफिस पर धाक जमाए बैठी थी. इसकी सबसे बड़ी वजह थी कि ऐसी कोई दूसरी बड़ी फिल्म ही नहीं आई, जिसके लिए थिएटर्स धुरंधर 2 को खिसकाकर स्क्रीन्स देना चाहें.
लेकिन अक्षय कुमार और डायरेक्टर प्रियदर्शन की कॉमिक जोड़ी के लिए दर्शकों की एक्साइटमेंट फिल्म ट्रेड को नजर आने लगी थी. ऊपर से शुक्रवार को भूत बंगला की रिलीज से पहले, गुरुवार को इसके पेड प्रीव्यूज भी हुए. इन प्रीव्यूज से जनता के रिस्पॉन्स ने ये कन्फर्म कर दिया कि भूत बंगला में एंट्री करने के लिए जनता तैयार है.
आधे हुए धुरंधर 2 के शोज, पर नहीं घटी कमाई
सैकनिल्क का डेटा बताता है कि बुधवार को देश में धुरंधर 2 के 10 हजार से ज्यादा शोज थे. गुरुवार को रात 9 बजे के बाद भूत बंगला के प्रीव्यूज हुए, तो धुरंधर 2 के शोज उस दिन 9 हजार से कम रहे. और शुक्रवार को भूत बंगला की रिलीज वाले दिन धुरंधर 2 के शोज की गिनती 4500 से भी कम रही. यानी गुरुवार के मुकाबले इसके शोज लगभग आधे हो गए. लेकिन जनता में धुरंधर 2 का क्रेज हरगिज कम नहीं हो रहा.
जहां गुरुवार को धुरंधर 2 ने 3.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था, वहीं शुक्रवार का नेट कलेक्शन 2.70 करोड़ रहा. शोज आधे होने के बावजूद धुरंधर 2 की कमाई में करीब 20% की मामूली कमी आई. यानी शोज तो कम हुए, मगर हर शोज में भीड़ बढ़ गई. धुरंधर 2 ने इंडिया में 30 दिनों में 1105 करोड़ रुपये से ज्यादा नेट कलेक्शन कर लिया है.
भूत बंगला के बावजूद ये फिल्म जैसा जोर दिखा रही है, शनिवार-रविवार में कमाई करीब 10 करोड़ और बढ़ जाएगी. भूत बंगला को बॉक्स ऑफिस पर सॉलिड रिस्पॉन्स मिल रहा है. पर इसके बावजूद धुरंधर 2 की पकड़ जिस तरह बनी हुई है, वो बताता है कि जनता रणवीर सिंह की फिल्म के लिए किस कदर क्रेजी है.