बॉलीवुड की कई फिल्मों में सपोर्टिंग किरदार निभाने वाले एक्टर राजेश शर्मा इस समय पश्चिम बंगाल के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं. उन्हें एक फिल्म के सेट पर किसी कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर होती गई. उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. अभी फिलहाल उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है.
बंगाली एक्ट्रेस सुदीपा चटर्जी ने 8 जुलाई को एक प्रेस नोट जारी किया, जिसमें उन्होंने एक्टर राजेश शर्मा के साथ हुई घटना की पूरी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राजेश शर्मा, हैदराबाद में प्रभास की फिल्म शूट कर रहे थे. इसी दौरान उन्हें एक कीड़े ने पैर में काटा, और फिर उसका जहर उनके शरीर में फैल गया.
शूटिंग के दौरान हुआ हादसा
सुदीपा ने लिखा- पॉपुलर एक्टर राजेश शर्मा को कथित तौर पर फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया. ये घटना प्रभास की फिल्म की शूटिंग के समय रामोजी फिल्म सिटी में हुई. शूटिंग खत्म होने के बाद राजेश वहां मौजूद लोकल टेक्नीशियनों से बात कर रहे थे. उस जगह के आसपास काफी घनी झाड़ियां थीं. तभी उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया. उस समय ये ज्यादा गंभीर नहीं लगा, इसलिए उन्होंने तुरंत डॉक्टर के पास जाना जरूरी नहीं समझा.
'करीब छह घंटे बाद उनके दाएं पैर में तेज दर्द शुरू हो गया और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी. मगर इसके बावजूद वो कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में सवार हो गए. सफर के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया, बेचैनी बढ़ने लगी और उनकी हालत और खराब हो गई. अगले दिन उन्हें कोलकाता के मणिपाल अस्पताल, ढाकुरिया में भर्ती कराया गया. अब एक दिन से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन उन्हें अभी भी तेज बुखार और सांस लेने में तकलीफ हो रही है. उनके दाएं पैर में संक्रमण तेजी से फैल गया है. ये संक्रमण पैर की उंगलियों से घुटने तक पहुंच चुका है और पूरे हिस्से में बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं.'
नाजुक स्थिति में राजेश शर्मा
सुदीपा का कहना है कि राजेश शर्मा की तबीयत के बारे में फिलहाल डॉक्टर्स भी कुछ नहीं कह पा रहे. वो एक्टर पर लगातार नजर रखे हुए हैं और फिलहाल उन्हें खतरे से बाहर नहीं माना जा सकता. डॉक्टरों को इस बात की भी चिंता है कि अगर संक्रमण बढ़ा तो खून का थक्का (ब्लड क्लॉट) बन सकता है. अगर यह थक्का फेफड़ों तक पहुंच गया तो स्थिति जानलेवा हो सकती है. अस्पताल की मेडिकल टीम सभी जरूरी जांच और इलाज कर रही है.
एक्ट्रेस ने बताया कि अस्पताल की ओर से पूरी मेडिकल जांच के बाद कल यानी 9 जुलाई को राजेश शर्मा की सेहत को लेकर अगला आधिकारिक अपडेट जारी किया जाएगा.
सुदीपा आगे लिखती हैं- राजेश शर्मा के परिवार की ओर से सभी लोगों का दिल से धन्यवाद किया गया है. परिवार ने मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, राजेश के दोस्तों, शुभचिंतकों और खास तौर पर प्रसेनजीत चटर्जी का आभार जताया है, जो इस मुश्किल समय में लगातार उनका साथ दे रहे हैं. राजेश शर्मा की मां और पूरे परिवार की ओर से सभी लोगों का दिल से शुक्रिया अदा किया गया है, जिन्होंने इस कठिन समय में उनका साथ दिया और उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की.
बता दें कि इन दिनों प्रभास अपनी फिल्म स्पिरिट की शूटिंग हैदराबाद में कर रहे हैं. इसे संदीप रेड्डी वांगा डायरेक्ट कर रहे हैं जिसमें राजेश शर्मा भी काम कर रहे हैं. वहीं तृप्ति डिमरी इसकी हीरोइन हैं.