बाबिल खान ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपने पिता और दिग्गज एक्टर इरफान खान की एक ऐसी अनसुनी और इमोशनल याद शेयर की है, जिसे पढ़कर किसी की भी आंखें नम हो जाएं. यह किस्सा उस दौर का है जब इरफान अपनी जिंदगी की सबसे कठिन जंग लड़ रहे थे, लेकिन उस शारीरिक और मानसिक पीड़ा के बीच भी उनका दिल अपनी पत्नी सुतापा सिकदर के लिए धड़कता था.
एक्टर इरफान खान फिल्म इंडस्ट्री में एक ऐसा खालीपन छोड़ गए जिसे कभी भरा नहीं जा सकता. लेकिन उनके बेटे बाबिल अक्सर उनकी यादों के जरिए उन्हें अपने फैंस के बीच जिंदा रखते हैं. गुरुवार को इंस्टाग्राम पर शेयर की गई तस्वीरों में घर का एक बेहद निजी और सुकून भरा पल नजर आ रहा है. इन तस्वीरों में इरफान अपनी पत्नी सुतापा के पैरों की देखभाल करते दिख रहे हैं.
बाबिल ने शेयर की फोटो
बाबिल ने बताया कि जब इरफान का इलाज चल रहा था, तो सुतापा दिन-रात उनकी सेवा में लगी रहती थीं. इस भाग-दौड़ और लगातार खड़े रहने की वजह से सुतापा के पैरों में दर्दनाक कॉर्न्स (गांठें) हो गई थीं. एक तरफ इरफान कैंसर के उस दर्द से गुजर रहे थे जिसे बर्दाश्त करना नामुमकिन जैसा था, लेकिन दूसरी तरफ उन्हें अपनी पत्नी की तकलीफ बर्दाश्त नहीं हो रही थी. वह खुद बीमार होने के बावजूद अपनी पत्नी के पैरों का इलाज करने की कोशिश करते थे.
उस दौर की एक बहुत ही इमोशनल बात शेयर करते हुए बाबिल ने लिखा,'जब इरफान सुतापा के पैरों का इलाज करते, तो रोशनी के लिए वह अपने फोन को सिर पर बांध लिया करते थे. वह टॉर्च की तरह फोन का इस्तेमाल करते ताकि सफाई से उन गांठों का इलाज कर सकें. बाबिल ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'बाबा के कैंसर के सबसे मुश्किल दिनों में, जब दर्द चरम पर था, तब मां उनकी देखभाल के लिए इतना दौड़ती थीं कि उनके पैरों में कॉर्न्स हो जाते थे. बाबा अपने सिर पर फोन बांध लेते थे ताकि रोशनी मिल सके और वह मां के पैरों का इलाज कर सकें.'
53 की उम्र में दुनिया छोड़ी
इरफान खान ने 29 अप्रैल 2020 को 53 वर्ष की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था. न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी से लड़ते हुए भी उन्होंने कभी हार नहीं मानी. आज भी इंडियन और अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में उनकी एक्टिंग का लोहा माना जाता है. वहीं दूसरी ओर, बाबिल भी अपने पिता की राह पर चलते हुए एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुके हैं. उन्होंने 2022 में फिल्म 'कला' से अपने करियर की शुरुआत की थी.