फिल्मी दुनिया की चकाचौंध के पीछे कई दर्दभरी कहानियां छिपी होती हैं. उन्हीं में से एक कहानी बोनी कपूर की पहली और दिवंगत पत्नी मोना शौरी कपूर की है. मोना को जब बोनी कपूर और श्रीदेवी के रिश्ते के बारे में पता चला था तो वो टूट गई थीं. सिंगर जसपिंदर नरूला ने अब मोना शौरी कपूर के आंखों देखें दर्द को दुनिया के साथ साझा किया है.
क्या बोलीं सिंगर?
सिंगर जसपिंदर नरूला ने लेटेस्ट इंटरव्यू में बोनी कपूर और मोना शौरी कपूर को लेकर बात की है. जसपिंदर नरूला ने बताया कि फिल्म 'जुदाई' के गाने 'मुझे एक पल चैन ना आए' से उन्होंने अपना सिंगिंग डेब्यू किया था. इस फिल्म में अनिल कपूर, श्रीदेवी और उर्मिला मातोंडकर लीड रोल में थे.
बॉलीवुड ठिकाना से बात करते हुए जसपिंदर ने उस गाने की रिकॉर्डिंग को लेकर कई अपनी यादें दोहराईं. सिंगर ने बताया कि इस गाने की रिकॉर्डिंग के कुछ सालों बाद वो बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर से मिली थीं. दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई थी.
दर्द में थीं बोनी कपूर की पहली पत्नी
सिंगर ने बताया कि बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना ने एक बार उनसे अपने दिल का हाल बयां किया था. सिंगर ने बताया कि गाने की रिकॉर्डिंग के दौरान मोना पर्सनल लाइफ में दर्द से गुजर रही थीं. जसपिंदर बोलीं- मैं मोना कपूर के बहुत करीब थी. बाद में उन्होंने मुझे बताया था कि जिस वक्त मैं वो गाना 'मुझे एक पल चैन ना आए' रिकॉर्ड कर रही थी, उस दौरान असल में क्या चल रहा था. एक तरफ किसी का घर बस रहा था, तो दूसरी तरफ किसी और का घर उजड़ रहा था.
जसपिंदर बोलीं- मोना ने मुझसे कहा था- तुम अंदर गाना गा रही थीं और जब मुझे सबकुछ पता चला तो मैं बाहर सुपर साउंड स्टूडियो की सीढ़ियों पर बैठकर रो रही थी. यह वही समय था जब उन्हें हर बात की सच्चाई पता चली थी. उन्होंने मेरे साथ यह सारी बातें शेयर की थीं.
इससे पहले, चंदा कोचर के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बोनी कपूर ने बताया था कि उन्होंने श्रीदेवी के साथ अपने रिश्ते के बारे में मोना कपूर को सब कुछ सच-सच बता दिया था.
बता दें कि बोनी कपूर की पहली पत्नी मोना कपूर का साल 2012 में निधन हो गया था. पहली पत्नी से बोनी को दो बच्चे हैं. बेटा अर्जुन कपूर और बेटी अंशुला कपूर. अर्जुन और अंशुला आज भी अपनी मां को याद कर भावुक हो जाते हैं.