एक्ट्रेस अनीता कंवल ने हाल ही में काम न मिलने के संघर्ष और उनके सामने आ रही आर्थिक दिक्कतों के बारे में खुलकर बात की है.अनीता ने बताया कि एक साल के भीतर उनकी बचत खत्म हो सकती है और दोबारा काम पर लौटना उनकी मानसिक सेहत के लिए बेहद जरूरी है. इंडस्ट्री के कई लोगों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें अब तक कोई अच्छा ऑफर नहीं मिला है.
काम के लिए तरसीं अनीता
विक्की लालवानी के पॉडकास्ट पर अनीता कंवल ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलकर बात की. दिग्गज एक्ट्रेस ने बताया कि वो कई सालों से खाली बैठी हैं. उन्हें काम नहीं मिल रहा है. उन्होंने कहा- मुझे कमाना है. अगर मुझे आने वाले 10-12 साल जीना है, तो मैं क्या करूंगी? मेरा घर मेरी एकमात्र संपत्ति है. मेरी बचत एक साल में खत्म हो जाएगी, इसीलिए मुझे काम चाहिए.
वो कहती हैं कि मेरे बच्चे मुझे सपोर्ट करना चाहते हैं, लेकिन मैं उनसे पैसे नहीं लेना चाहती. मैं ऐसी हालत में रहना चाहती हूं कि मैं दे सकूं. अब नए बच्चे ये तक नहीं जानते कि मैंने क्या काम किया है. कभी-कभी मुझे 21 साल की लड़की का रोल भी ऑफर हो जाता है. मैं काम के लिए भीख नहीं मांग रही हूं. अगर किसी को पता ही नहीं कि अनीता कंवल कौन हैं और उन्होंने क्या काम किया है, तो मैं कुछ नहीं कर सकती. मैं ऑडिशन देती हूं, कास्टिंग डायरेक्टर्स से मिलती हूं, लेकिन इसका काम में कोई नतीजा नहीं निकल रहा.
इंटरव्यू के दौरान अनीता कंवल ने ‘कभी हां कभी ना’ में शाहरुख खान के साथ काम करने को लेकर भी बात की. उन्होंने फिल्म में दीपक तिजोरी की मां का किरदार निभाया था. एक्ट्रेस ने कहा कि फिल्म में उनके कई सीन काट दिए गए थे.
अनीता ने ये भी बताया कि फिल्म ‘गंगाजल’ की सफलता के बाद उनकी फीस दोगुनी कर दी गई थी. फिलहाल वो अच्छा काम ढूंढ़ रही हैं और भविष्य को लेकर चिंतिंत हैं. बता दें कि अनीता ‘बनेगी अपनी बात’, ‘शांति’ और ‘ससुराल गेंदा फूल’ जैसे शोज में अपने किरदारों के लिए जानी जाती हैं.