बॉलीवुड में सलमान खान और ऐश्वर्या राय की लव स्टोरी आज भी सबसे चर्चित रिश्तों में गिनी जाती है. दोनों का प्यार जितना सुर्खियों में रहा, उतना ही उनके ब्रेकअप ने भी लोगों को चौंका दिया था. अब सालों बाद एक्ट्रेस सादिया सिद्दीकी ने उस दौर को याद करते हुए ऐश्वर्या राय की प्रोफेशनलिज्म की जमकर तारीफ की है.
सादिया ने साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'शब्द' में ऐश्वर्या राय के साथ काम किया था. यह वही समय था, जब रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान से ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या अपनी निजी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही थीं.
'चेहरे पर दर्द नहीं आने देती थीं ऐश्वर्या'
सिद्धार्थ कन्नन को दिए इंटरव्यू में सादिया ने बताया- फिल्म में मेरा ऐश्वर्या के साथ कोई सीन नहीं था, इसलिए मैं उन्हें निजी तौर पर नहीं जानती. लेकिन मैंने जो देखा, उससे लगा कि उन्होंने अपने दर्द को कभी बाहर नहीं आने दिया.
उन्होंने आगे कहा- ऐश्वर्या हमेशा पूरी तैयारी के साथ सेट पर आती थीं. उन्हें अपने डायलॉग याद होते थे, स्क्रिप्ट अच्छी तरह पढ़कर आती थीं और पूरे प्रोफेशनल तरीके से काम करती थीं. मैंने कभी महसूस नहीं किया कि उनकी निजी जिंदगी का असर उनके काम पर पड़ा हो.
'हम दिल दे चुके सनम' से शुरू हुई थी लव स्टोरी
सलमान खान और ऐश्वर्या राय की नजदीकियां 1999 में आई सुपरहिट फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' की शूटिंग के दौरान बढ़ी थीं. दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री के साथ-साथ ऑफस्क्रीन रोमांस भी खूब चर्चा में रहा.
हालांकि, कुछ साल बाद दोनों का रिश्ता टूट गया. इस ब्रेकअप ने उस समय बॉलीवुड में खूब सुर्खियां बटोरी थीं और लंबे समय तक इसकी चर्चा होती रही. सादिया के मुताबिक, उस मुश्किल दौर में भी ऐश्वर्या ने कभी अपने दर्द को अपने काम के बीच नहीं आने दिया. वो हर दिन सेट पर मुस्कुराते हुए आती थीं और पूरी ईमानदारी से अपना काम करती थीं.
अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं दोनों
ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या राय ने एक्टर अभिषेक बच्चन से शादी कर ली और दोनों की एक बेटी भी है. वहीं, सलमान खान आज भी बॉलीवुड के सबसे चर्चित सितारों में शामिल हैं.
हाल ही में ऐश्वर्या कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में अपने शानदार लुक्स को लेकर एक बार फिर सुर्खियों में रहीं. भले ही उनकी निजी जिंदगी कई बार चर्चा में रही हो, लेकिन उनकी प्रोफेशनलिज्म की मिसाल आज भी इंडस्ट्री में दी जाती है.