बॉलीवुड के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान और उनकी लंबे समय की पार्टनर गौरी स्प्रैट ने आखिरकार आधिकारिक तौर पर शादी कर ली है. दोनों ने रविवार को मुंबई स्थित अपने घर पर बेहद सादगी के साथ रजिस्टर्ड मैरिज की. इस खास मौके को बेहद पर्सनल रखा गया, जिसमें केवल परिवार के लोग और कुछ चुनिंदा करीबी दोस्त ही शामिल हुए.
जब आमिर और गौरी शादी के कानूनी कागजातों पर दस्तखत कर रहे थे, उस वक्त दोनों के बच्चे भी उनके इस फैसले का हिस्सा बनने वहां मौजूद थे. शादी के पेपर्स पर साइन करने के दौरान गौरी की पहली शादी से उनका बेटा और आमिर की दूसरी शादी से उनके बेटे आजाद वहां मौजूद रहे. जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर करीब 12:45 बजे मुंबई के पाली हिल (बांद्रा) स्थित आमिर के घर पर शादी के कागजात पर साइन किए.
इरफान पठान ने शेयर किया वीडियो, दीं दुआएं
इस रजिस्टर्ड मैरिज का पहला वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आ चुका है, जिसे पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर शेयर किया है. वीडियो शेयर करते हुए इरफान ने जोड़े के लिए एक बेहद खूबसूरत नोट लिखा. उन्होंने लिखा, 'प्रिय आमिर भाई और गौरी, आपकी शादी पर हार्दिक बधाई! आप दोनों को जीवन भर प्यार, खुशी, हंसी और साथ की शुभकामनाएं. अल्लाह आपकी खूबसूरत यात्रा को अनंत खुशियों और अनगिनत आशीर्वाद से नवाजे. आप दोनों बहुत खुश हैं, एक बार फिर बधाई.'
वीडियो में दिखा जश्न का माहौल
सामने आए वीडियो में शादी की खुशी और सादगी साफ झलक रही है. आमिर खान सफेद रंग के ट्रेडिशनल कुर्ते-पायजामे में नजर आ रहे हैं, जबकि गौरी स्प्रैट ने बेहद खूबसूरत एम्ब्रोइडरी वाला लहंगा पहना हुआ है. वीडियो की शुरुआत में दोनों कागजातों पर दस्तखत करते दिखते हैं और आमिर बड़े प्यार से गौरी को अपनी पत्नी कहकर पुकारते हैं, जिस पर पूरा कमरा तालियों से गूंज उठता है. इसके बाद ढोल की थाप पर आमिर खान, गौरी और वहां मौजूद मेहमान जमकर थिरकते और जश्न मनाते नजर आ रहे हैं. अंत में आमिर और गौरी एक-दूसरे को गले लगाकर अपनी खुशियां बांटते हैं, जो इस शादी के सबसे खूबसूरत पलों में से एक है.
दो दशक पुराना रिश्ता अब शादी में बदला
आमिर खान और गौरी स्प्रैट का रिश्ता कोई नया नहीं है. दोनों एक-दूसरे को पिछले 25 सालों से जानते हैं, लेकिन पिछले दो साल से वे एक-दूसरे को डेट कर रहे थे. दो साल के इस खूबसूरत सफर के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को नया नाम देने का फैसला किया. बांद्रा स्थित घर पर हुई इस शादी में आमिर के तीनों बच्चे और गौरी का बेटा शामिल हुए. इस घरेलू समारोह में परिवार और दोस्तों को मिलाकर करीब 150 मेहमान जुटे थे, जिनमें से कुछ खास मेहमान इस पल के गवाह बनने विदेश से भी मुंबई पहुंचे थे.