एक और हफ्ते का अंत हो गया है और ओटीटी पर हमेशा की तरह इस बार भी ढेरों प्रोजेक्ट्स ने दस्तक दे दी है. बॉलीवुड से लेकर साउथ सिनेमा, मराठी सिनेमा और यहां तक कि हॉलीवुड के बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स भी इस हफ्ते ओटीटी पर रिलीज हुए हैं. आइए आपको बताएं कि नेटफ्लिक्स, अमेजन प्राइम वीडियो और जियो हॉटस्टार समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर आप इस वीकेंड क्या देख सकते हैं.
तू या मैं
शनाया कपूर और आदर्श गौरव स्टारर सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म 'तू या मैं' भी ओटीटी पर आ गई है. थ्रिलर और रोमांस के अनोखे मेल वाली ये पिक्चर असल थाई फिल्म 'द पूल' का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है. फिल्म में दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स- अवनी शाह (शनाया) उर्फ मिस वैनिटी और मारुति कदम (आदर्श गौरव) उर्फ आला फ्लोपारा, एक कॉन्टेंट क्रिएशन ट्रिप पर जाते हैं. अलग-अलग बैकग्राउंड वाले ये दोनों लोग एक खाली स्विमिंग पूल में फंस जाते हैं, जहां उनके साथ एक खतरनाक मगरमच्छ भी है. रोमांस, सस्पेंस और सिनेमाई टेंशन से भरी यह फिल्म सामाजिक-आर्थिक अंतर, सोशल मीडिया की दुनिया और सर्वाइवल की कहानी बताती है. इसे आप नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं.
ओ रोमियो
विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी 'ओ रोमियो' ओटीटी पर आ चुकी है. शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर इस रोमांटिक एक्शन थ्रिलर में मुंबई के अंडरवर्ल्ड की कहानी दिखाई गई है. शाहिद, हुसैन उस्तरा के किरदार में हैं, जो एक कॉन्ट्रैक्ट किलर है. उस्तरा को तृप्ति डिमरी के किरदार अफशा से प्यार हो जाता है. मगर अफशा खुद अपने पति की मौत का बदला लेने की कोशिश में है. इस पिक्चर में आपको प्यार, धोखे के साथ-साथ गैंग वॉर भी देखने को मिलेगी. 'ओ रोमियो' प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है.
द बॉयज सीजन 5
अमेजन प्राइम वीडियो की सुपरहीरो सैटायर सीरीज 'द बॉयज' का सीजन 5 का फाइनल सीजन रिलीज हो गया है. सीजन 5 में होमलैंडर (Antony Starr) पूरी तरह से अमेरिका पर काबिज हो चुका है और उसका शासन अराजक और क्रूर है. ह्यूगी, मदर्स मिल्क और फ्रेंची को 'फ्रीडम कैंप' में कैद कर लिया गया है. स्टारलाइटर (एनी) प्रतिरोध की कोशिश कर रही है, जबकि बिली बुचर (Karl Urban) वापस लौट आया है. वो एक वायरस का इस्तेमाल करने को तैयार है, जो सभी सुपरहीरोज (Supes) को खत्म कर सकता है. डार्क ह्यूमर, एक्शन और सोशल कमेंट्री से भरी ये सीरीज आप स्ट्रीम कर सकते हैं.
यूफोरिया
एचबीओ की जानी-मानी ड्रामा सीरीज 'यूफोरिया' का तीसरा सीजन करीब 4 साल के लंबे इंतजार के बाद आ गया है. इस सीजन में 5 साल का टाइम जंप लिया गया है. हाईस्कूल खत्म हो चुका है और अब शो के किरदार 20 साल से ऊपर की उम्र के हैं. रू (जेंडेया) मेक्सिको में है, जहां वह अभी भी ड्रग लॉर्ड लॉरी के कर्ज में फंसी हुई है. सीरीज अब यूथ, एडिक्शन, आइडेंटिटी, विश्वास, रिडेम्पशन पर गहराई से नजर डालती है. इसे आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं.
स्टार वॉर्स: मौल - शैडो लॉर्ड
स्टार वॉर्स फ्रैंचाइजी की नई एनिमेटेड सीरीज 'Star Wars: Maul – Shadow Lord' इस हफ्ते रिलीज हो चुकी है. इसमें डार्थ मौल लीड किरदार है. क्लोन वॉर्स के बाद की कहानी में मौल अपने क्रिमिनल सिंडिकेट को फिर से खड़ा करने की कोशिश कर रहा है, वो भी एक ऐसे ग्रह पर जो एम्पायर से अछूता है. यह पल्प एडवेंचर स्टाइल की सीरीज है, जिसमें रिवेंज, पावर और डार्क साइड की थीम्स हैं. इसे आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं.
बिग मिस्टेक्स
नेटफ्लिक्स की पॉपुलर सीरीज 'शिट्स क्रीक' (Schitt’s Creek) फेम एक्टर डैन लेवी एक नया प्रोजेक्ट लेकर आए हैं. उनकी बनाई नई क्राइम-कॉमेडी सीरीज 'बिग मिस्टेक्स' ओटीटी पर स्ट्रीम हो गई है. इसकी कहानी दो बेकार और डायरेक्शनलेस भाई-बहन पर आधारित है, जो ब्लैकमेल होकर ऑर्गनाइज्ड क्राइम की दुनिया में फंस जाते हैं. वे बेहद अनाड़ी तरीके से गैंगस्टर्स के लिए काम करते हैं और लगातार गड़बड़ियां करते हुए आगे बढ़ते हैं. अगर आपको हल्की-फुल्की लेकिन उलझनों से भरी क्राइम कॉमेडी पसंद है तो यह सीरीज आप देख सकते हैं.
मैं वो और फूजी
मराठी रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'मैं वो और फूजी' का हिंदी वर्जन ओटीटी पर रिलीज हो चुका है. इसकी कहानी पुणे के एक कपल की है, जो एक-दूसरे से टकराते हैं और गहरे, जुनूनी प्यार में पड़ जाते हैं. सात साल बाद माउंट फूजी की परछाई में उनकी पुरानी कहानी फिर से उभरती है. फिल्म आधुनिक रिश्तों, प्यार, धैर्य और भावनाओं की गहराई को छूती है. अगर आपको इंटिमेट और इमोशनल रोमांस पसंद है तो यह अच्छा ऑप्शन है. इसे फिल्म को आप सोनी लिव पर देख सकते हैं.
Thaai Kizhavi
तमिल रूरल कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 'Thaai Kizhavi', जियो हॉटस्टार पर रिलीज हुई है. इसमें एक्ट्रेस राधिका सरतकुमार ने एक सख्त, डरावनी और स्वतंत्र बुजुर्ग महिला पवुनुथायी का किरदार निभाया है. वह गांव की मनीलेंडर है, जो कर्ज वसूलने में बहुत सख्त है. उसके लालची बेटे उसकी मौत का इंतजार करते हैं ताकि संपत्ति हासिल कर सकें, लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब वह पैरालाइज हो जाती है. ये फिल्म ह्यूमर, इमोशन्स और फैमिली ड्रामा का बढ़िया मिक्स है.