सीपीएम ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पश्चिम बंगाल सहित दस राज्यों की 45 लोकसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. शनिवार को जारी उम्मीदवारों की लिस्ट में पश्चिम बंगाल की 42 में से 16 लोकसभा सीटें शामिल हैं. इसमें पार्टी के रायगंज सीट से मौजूदा सांसद मोहम्मद सलीम और मुर्शिदाबाद से बदरुद्दजा खान भी शामिल हैं.
दरअसल, वाम दलों की मौजूदगी वाले लेफ्ट फ्रंट ने पश्चिम बंगाल की 25 लोकसभा सीटों के लिये शुक्रवार को लिस्ट जारी की थी. इसमें सीपीएम के 15, आरएसपी के दो, फॉरवर्ड ब्लॉक के तीन और सीपीएम के एक उम्मीदवार का नाम शामिल है. वाम दल के अध्यक्ष बिमान बसु ने एक बयान में कहा कि मोर्चे के उम्मीदवारों में आरएसपी के पुरुलिया सीट से बीर सिंह महतो और बशीरहाट से सीपीआई के पल्लबसेन गुप्ता भी शामिल हैं.
Communist Party of India (Marxist) releases first list of seats for the .
— ANI (@ANI)
उन्होंने स्पष्ट किया कि वाम मोर्चा और कांग्रेस के बीच चुनावी तालमेल के तहत कायम हुई सहमति के मुताबिक पिछले चुनाव में कांग्रेस द्वारा जीती गयी पुरुलिया और बशीरहाट सहित चार सीटों पर मोर्चा अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगा. लेकिन दोनों सीटों पर सीपीएम और फॉरवर्ड ब्लॉक द्वारा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद अब कांग्रेस चाहे तो इन दोनों सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर सकती है.
बता दें कि चुनावी तालमेल के बीच पश्चिम बंगाल में कांग्रेस द्वारा पिछले चुनाव में जीती गई चार सीटों पर वामदलों द्वारा और सीपीएम के कब्जे वाली दो सीटों (रायगंज और मुर्शिदाबाद) पर कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार घोषित नहीं करने पर सहमति बनी थी. आगामी 11 अप्रैल से 19 मई तक सात चरण में लोकसभा की 543 सीटों के लिये मतदान होगा.
सीपीएम के उम्मीदवारों की लिस्ट में पश्चिम बंगाल के अलावा केरल से 16, असम और त्रिपुरा से दो-दो और हरियाणा, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, पंजाब और तमिलनाडु से एक-एक उम्मीदवार शामिल हैं.