पंचायत आजतक अयोध्या में उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत का दावा किया. दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस बार उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सुनामी आएगी और पार्टी 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी. वहीं, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले जहां उत्तर प्रदेश में सालाना करीब 23 करोड़ पर्यटक आते थे, वहीं दिसंबर 2025 तक यह संख्या बढ़कर 156 करोड़ हो गई.
आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी की दावेदारी पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि अब देश और प्रदेश की राजनीति में विकास सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है. लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और बिहार समेत कई राज्यों में बीजेपी को मिली जीत इसका उदाहरण है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास का रथ आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव हुआ है.
दयाशंकर सिंह ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी 350 से ज्यादा सीटें जीतेगी, उन्होंने कहा, "यहां तो प्रचंड बहुमत नहीं, सुनामी आएगी, इस बार का चुनाव 350 के पार होगा.
अयोध्या" class="lazyload" data-entity-type="file" data-entity-uuid="20daa760-e2cf-4830-ae37-c42ae2ec1a68" id="" src="https://akm-img-a-in.tosshub.com/aajtak/inline-images/whatsapp-image-2026-11-07-at-12.15.54.jpeg" title="">
12 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियों का दावा
परिवहन मंत्री ने प्रदेश में रोजगार और सरकारी भर्तियों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 से पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद की शिकायतें आम थीं. पहले जाति और क्षेत्र विशेष के आधार पर नौकरियां दी जाती थीं. उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में 12 लाख से ज्यादा सरकारी नौकरियां दी गई हैं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आई है.
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर नौकरी मिल रही है. पहले सरकारी भर्ती से जुड़ी संस्थाओं में भ्रष्टाचार की शिकायतें होती थीं, लेकिन अब व्यवस्था में बदलाव हुआ है.
चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर दयाशंकर सिंह ने विपक्ष को घेरा
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी के मुद्दे पर भी दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस मामले में जांच हुई और जिन कर्मचारियों की भूमिका सामने आई, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई. उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग राम मंदिर के लिए कभी चंदा देने या दर्शन करने नहीं आए, वे आज चढ़ावे का हिसाब मांग रहे हैं. हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों पर हुई और बड़े जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही क्यों तय नहीं हुई, तो उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी की गलती के लिए हर वरिष्ठ व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता.
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद पर्यटन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है. उन्होंने बताया कि 2017 से पहले प्रदेश में सालाना करीब 23 करोड़ पर्यटकों का आगमन होता था, जबकि दिसंबर 2025 तक यह संख्या बढ़कर 156 करोड़ हो गई. उनके मुताबिक, पर्यटकों की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच गया है. उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कानून व्यवस्था, कनेक्टिविटी और बुनियादी सुविधाएं सबसे जरूरी हैं. पर्यटक तभी किसी जगह पर जाने का फैसला करता है, जब उसे वहां अपने परिवार की सुरक्षा और सुविधाओं का भरोसा हो.
जयवीर सिंह ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी, उस समय कई इलाकों में माफिया का प्रभाव था और थानों तक पर उनका दबाव रहता था. लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई, जिससे कानून व्यवस्था में सुधार हुआ.

अयोध्या, काशी और मथुरा को पर्यटन के नक्शे पर लाने का दावा
जयवीर सिंह ने कहा कि सरकार ने अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों को विश्व पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करने का काम किया है. इसके साथ ही प्रदेश के 3100 से अधिक धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों पर पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं. एक पर्यटक की यात्रा से परिवहन, होटल, रेस्तरां, दुकानदारों, फूल विक्रेताओं, गाइड और स्थानीय कारोबारियों को आमदनी होती है। उनके मुताबिक, पर्यटन ऐसा क्षेत्र है जिसमें कम निवेश में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है.
एमएलसी चुनाव में हार के सवाल पर बोले दयाशंकर सिंह
एमएलसी चुनाव में बीजेपी की हार को लेकर पूछे गए सवाल पर दयाशंकर सिंह ने कहा कि पार्टी ने छह सीटें जीती थीं और छह सीटें ही उसके पास आई हैं. उन्होंने कहा कि एमएलसी चुनाव में आम जनता मतदान नहीं करती, जबकि विधानसभा चुनाव में जनता सीधे अपना फैसला सुनाती है, उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में गुंडागर्दी, जमीनों पर कब्जे और दंगों की घटनाएं होती थीं. उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता पुराने हालात को भूली नहीं है और आगामी विधानसभा चुनाव में विकास के आधार पर बीजेपी को फिर से समर्थन देगी.
यह भी पढ़ें: 'राम किसी दल के नहीं, आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं', मनोज पांडेय ने बताया क्यों छोड़ी सपा