पश्चिम बंगाल के पुरुलिया में एक बड़ी जनसभा में टीएमसी की मुखिया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने BJP पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने न सिर्फ कई गंभीर आरोप लगाए बल्कि यह भी कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है और उनकी जान को खतरा हो सकता है.
ममता ने बिना नाम लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तंज कसते हुए कहा कि एक बड़े नेता ने चार्जशीट तो जारी कर दी लेकिन जब विदेश से लोगों को जंजीरों में बांधकर भारत भेजा गया तब वे कहां थे.
उन्होंने आरोप लगाया कि BJP दंगे भड़काकर सत्ता में आती है और जिन राज्यों में उनकी सरकार है वहां आदिवासियों और महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि BJP पहले कुछ समय लोगों को पैसे देती है और फिर बंद कर देती है. साथ ही दावा किया कि कुछ BJP शासित राज्यों में मछली, अंडा और मांस तक पर रोक लगाई जा रही है.
1.20 करोड़ नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए
वोटर लिस्ट के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता ने बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि करीब 1 करोड़ 20 लाख मतदाताओं के नाम चुपचाप हटा दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं उनकी मदद के लिए उनकी पार्टी कैंप लगाएगी.
यह भी पढ़ें: आंखों देखी: पश्चिम बंगाल में अमित शाह ने जारी की ‘चार्जशीट’, ममता बनर्जी सरकार के कामकाज पर सवाल
महिलाओं से खास अपील
मुख्यमंत्री ममता ने महिला मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि मतदान के दिन चौकस रहना होगा क्योंकि कुछ लोग दोबारा चुनाव कराने की योजना बना रहे हैं.
ममता पूछीं- क्या फिर साजिश हो रही है?
मुख्यमंत्री ममता ने पिछले चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस वक्त उनके साथ हिंसा हुई थी और उनके पैर में चोट लगी थी, फिर भी उन्होंने व्हीलचेयर पर बैठकर प्रचार किया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब फिर से उनके खिलाफ कोई साजिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह के बयान दे रहे हैं उनकी बातों से ही साजिश की बू आती है.