केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को 'X' कैटेगरी का सिक्योरिटी कवर दिया है. हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थामने वाले पेस की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब सीआईएसएफ (CISF) के जवानों के पास रहेगी. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में लिएंडर पेस की बड़ी भूमिका मिलने की संभावना है. सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर गृह मंत्रालय ने उन्हें केंद्र की सुरक्षा देने का फैसला लिया है.
टेनिस जगत के इस बड़े नाम को औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल होने के तुरंत बाद यह सिक्योरिटी कवर दिया गया है. अब लिएंडर पेस के साथ हर वक्त सीआईएसएफ के सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे.
बंगाल चुनाव के प्रचार के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर कोई कोताही न हो इसके लिए गृह मंत्रालय ने यह आदेश जारी किया है.
हाल ही में थामा था बीजेपी का दामन
लिएंडर पेस ने हाल ही में औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी का हाथ थामा है. उनके सियासी सफर की शुरुआत के साथ ही उनकी सुरक्षा को लेकर कयास लगाए जा रहे थे. गृह मंत्रालय ने सुरक्षा स्थिति का आकलन करने के बाद उन्हें 'X' श्रेणी की सुरक्षा देने की फाइल को मंजूरी दे दी है.
यह भी पढ़ें: बंगाल चुनाव से पहले बीजेपी का 'टेनिस कार्ड'? लिएंडर पेस को PM मोदी ने दी बड़ी जिम्मेदारी!
पिछले दिनों PM मोदी से हुई थी मुलाकात
कुछ वक्त पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुलाकात के लिए लिएंडर पेस को दिल्ली बुलाया था, जिसे उन्होंने अपने लिए बड़ा सम्मान बताया था. मुलाकात के बाद पेस ने कहा था, “मोदी जी ने मुझे बुलाकर एक बंगाली होने के नाते सम्मान दिया और युवाओं व खेलों को लेकर अपना विजन भी साझा किया. आज मैं उसी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए यहां मौजूद हूं.”
इसी सोच के तहत पीएम मोदी ने उन्हें 2036 ओलंपिक की तैयारियों में अहम जिम्मेदारी सौंपी है. पेस ने कहा कि देश की सेवा करने का जज्बा उनके अंदर पूरी तरह से मौजूद है और वे हर चुनौती का सामना करते हुए देश के लिए काम करने को तैयार हैं.