scorecardresearch
 

'वो नेता ही क्या, जो चुनाव से भागे?', चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान पर राजभर ने अखिलेश को दी चुनौती

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने वाले बयान पर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने तीखा हमला बोला है. राजभर ने अखिलेश के टोटका वाले बयान पर तंज कसते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि नेता चुनाव से नहीं भागते, लेकिन अखिलेश चुनौती से डरकर मैदान छोड़ रहे हैं.

Advertisement
X
अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया है ऐलान. (Photo: ITG)
अखिलेश यादव ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का किया है ऐलान. (Photo: ITG)

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों के एक सवाल पर मंगलवार को कहा था कि वह 2027 विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. उन्होंने इसे एक टोटका बताया और कहा कि जब वह चुनाव नहीं लड़ते हैं, तभी मुख्यमंत्री बनते हैं. वहीं अब उनके इस बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने तंज कसा है. राजभर ने कहा कि सुना है कि आप अगले साल यूपी विधानसभा चुनाव में किसी सीट से नहीं लड़ेंगे. ए महाराज, नेता क्या जो चुनाव से भागे? आइये हो जाये दो-दो हाथ. हमको नहीं पता था कि आप इतना टोना-टोटका मानने वाले हैं.

राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि वैसे बिना चुनाव लड़े आपका मुख्यमंत्री बन जाना कोई टोना-टोटका नहीं था मित्र! बल्कि रेडीमेड पार्टी के रेडीमेड शहजादा होने के कारण मुख्यमंत्री बन पाए थे. अब जब, लग गया कि लड़ने गए तो मिट्टीपलीत होनी तय है तो लगे मैदान छोड़कर भागने? मित्र अखिलेश...ये लाल टोपी वालों की सरकार नहीं है, जब प्रदेश टोना-टोटका वाले चलाया करते थे. नोएडा से लेकर आगरा, अयोध्या और मथुरा तक टोना-टोटका मानने वालों की सरकार को जनता ने 10 साल पहले ही उखाड़ के फेंक दिया है.

कम से कम हिम्मत दिखाते हुए किसी एक सीट से लड़ लेते चुनाव: राजभर
आज हम लोगों ने मिलकर सारे टोना-टोटका, भूत-प्रेत, पिशाच सब झार दिये हैं. आपके सब भूत प्रेत गायब हैं. वैसे भी! ले दे के एक्कै बार सीएम बन पाए हैं आप...अब आगे अगली पैदाइश तक उम्मीद भी नहीं है. तो कम से कम हिम्मत दिखाते हुए किसी एक सीट से लड़ लिये होते. डर गए चुनौती पर. चलिए, बाबा विश्वनाथ आपका कल्याण करें... आपके पास चौराहे पर रुककर मिठाई खाने का समय था, मगर कुछ ही दूर पर उनके दरबार में शीश झुकाने का समय नहीं मिला.

Advertisement

कम से कम पास में ही काल भैरव बाबा के दरबार में चले गये होते. वहां आपके सब टोना-टोटका का इलाज हो गया होता.... जय भारत, जय श्रीराम, जय परशुराम, जय श्रीकृष्ण, जय महाराजा सुहेलदेव!
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement