असम में एक से अधिक शादी करने वाले सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा. वहीं, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन आज यूपी के गोरखपुर में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ मार्च का नेतृत्व करेंगे. इन खबरों के अलावा, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को 4 अरब डॉलर की सालाना सहायता राशि बंद करने ऐलान किया. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
असम: अगर दो शादियां की तो जाएगी सरकारी नौकरी, सीएम ने किया ऐलान
असम सरकार ने बहुविवाह पर सख्त कार्रवाई करने का फैसला लिया है. मंगलवार को असम सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1964 में संशोधन को मंजूरी दी गई. इसके तहत एक से अधिक शादी करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा और भविष्य में सरकारी नौकरी के लिए अयोग्य घोषित किया जाएगा. वे सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं उठा सकेंगे.
यूपी में नितिन नवीन की हुंकार, गोरखपुर में करेंगे'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन आज से गोरखपुर के दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे पार्टी के 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत मार्च की अगुवाई करेंगे. नितिन नवीन बुधवार दोपहर 12 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे. उनका मार्च महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल की प्रतिमा के पास स्थित काली मंदिर पर समाप्त होगा.
मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती, वाराणसी में निर्मला सीतारमण ने जारी किया 250 रुपये का स्मारक सिक्का
कर्नाटक संगीत के महान साधक मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती पर मंगलवार को वाराणसी में उन्हें खास अंदाज़ में श्रद्धांजलि दी गई. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उनके सम्मान में जारी 250 रुपये के स्मारक सिक्के का लोकार्पण किया. इस दौरान दीक्षितर के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘अमर गुरुगुहम् पोट्रुवाम्’ का भी विमोचन किया गया.
NEET-PG Qualifying System: पर्सेंटाइल की जगह अब रैंक से मिलेगा दाखिला, एक्सपर्ट कमेटी ने सौंपी सुप्रीम कोर्ट को रिपोर्ट
12 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने नीट-PG और नीट-SS की प्रवेश व्यवस्था में बड़े बदलाव की सिफारिश की है. रिपोर्ट में पर्सेंटाइल आधारित क्वालिफाइंग सिस्टम खत्म कर रैंक आधारित मेरिट सिस्टम लागू करने का प्रस्ताव दिया गया है. नेशनल मेडिकल कमीशन ने इसे 2027 से लागू करने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. हालांकि नियमों को अंतिम रूप देना बाकी है.
दिवाली से पहले दिल्ली में मिलावटखोरों पर एक्शन, 7000 किलो नकली खोया जब्त
दीपावली समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए दिल्ली में मिलावटखोरों के ख़िलाफ़ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर मंगलवार, 3 नवंबर को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में छापेमारी की गई. इस दौरान टीम ने 7,000 किलोग्राम अस्वच्छ और दुर्गंधयुक्त खोया जब्त कर नष्ट कराया.
इजरायल को अब नहीं मिलेगी अमेरिकी मदद? ट्रंप ने 4 अरब डॉलर की सालाना सहायता बंद करने का किया ऐलान
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि इस साल के बाद अमेरिका इजरायल को मिलने वाली 4 अरब डॉलर की सालाना आर्थिक मदद बंद कर देगा. ट्रंप के मुताबिक, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ इस पर सहमति बनी है. हालांकि उन्होंने साफ किया कि अमेरिका इजरायल को हथियारों की बिक्री जारी रखेगा और ज़रूरत पड़ने पर मदद भी करेगा.
लखनऊ में पृथ्वीराज चौहान, गोरखपुर में गुरु गोरखनाथ... योगी सरकार का बड़ा फैसला, यूपी के 12 जिलों में लगेंगी भव्य प्रतिमाएं
उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के 12 जिलों में प्रमुख ऐतिहासिक हस्तियों, महापुरुषों और वीरों की प्रतिमाएं स्थापित करने की तैयारी कर रही है. इनमें महाराणा प्रताप, गुरु गोरखनाथ, सरदार वल्लभभाई पटेल और पृथ्वीराज चौहान जैसे नाम शामिल हैं. पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को इस योजना की जानकारी दी.
जुड़वां बच्चों 'जग्गा-कालिया' को अलग करने वाले देश के फेमस न्यूरोसर्जन का निधन, AIIMS भोपाल के प्रेसिडेंट थे डॉ. अशोक कुमार महापात्र
देश के मशहूर न्यूरोसर्जन प्रोफेसर डॉक्टर अशोक कुमार महापात्र का 2 नवंबर को निधन हो गया, वे एम्स भोपाल के अध्यक्ष थे. उन्होंने एम्स दिल्ली में न्यूरोसर्जरी विभाग के प्रमुख समेत कई अहम पदों पर सेवाएं दीं. उनके नाम 870 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित करने का रिकॉर्ड है. उन्हें अप्रैल 2025 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था.
'सरकारी परिसर के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप के खिलाफ है निर्माण', कदीमी मस्जिद हटाने पर केंद्र का दिल्ली हाईकोर्ट में तर्क
केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट में कहा है कि कृषि भवन परिसर में स्थित 100 साल से अधिक पुरानी क़दीमी मस्जिद को सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत हटाना ज़रूरी है. केंद्र सरकार का तर्क है कि सरकारी कार्यालय परिसर में स्थायी धार्मिक ढांचे का होना धर्मनिरपेक्ष स्वरूप के अनुरूप नहीं है. इस मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी.
अनिल अंबानी ग्रुप पर ED का एक्शन, दो विमान समेत 510 करोड़ की संपत्तियां जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अनिल अंबानी ग्रुप की 510 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्द की हैं. ये कार्रवाई बैंक फ्रॉड के दो मामलों में की गई है. इनमें रिलायंस होम फाइनेंस और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड से जुड़ा 263.05 करोड़ रुपये का मामला और रिलायंस कम्युनिकेशंस से जुड़ा 247.12 करोड़ का मामला शामिल है.