scorecardresearch
 

Puducherry Exit Poll 2026: पुडुचेरी में NDA का जादू बरकरार, एग्जिट पोल में 16-20 सीटें मिलने का अनुमान

Puducherry Exit Poll Results 2026: पुडुचेरी के एग्जिट पोल में एक बार फिर नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (NDA) को बढ़त मिलती दिख रही है. एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल मुताबिक एनडीए को करीब 40% वोट शेयर के साथ 16 से 20 सीटें मिल सकती हैं, जबकि इंडिया ब्लॉक को 30% वोट शेयर के साथ 6 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है.

Advertisement
X
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी और नतीजे 4 मई को घोषित होंगे. (Photo: ITG)
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी और नतीजे 4 मई को घोषित होंगे. (Photo: ITG)

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के एग्जिट पोल में एक बार फिर ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रितक गठबंधन (NDA) की सरकार बनती हुई दिख रही है. एक्सिस माय इंडिया (Axis My India) के एग्जिट पोल के मुताबिक पुडुचेरी में एनडीए को 40% वोट शेयर के साथ 16 से 20 सीटें मिलने का अनुमान है. वहीं डीएमके और कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक को 30% वोट शेयर के साथ 6 से 8 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि अन्य के खाते में 3 से 7 सीटें जा सकती हैं. 

एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के मुताबिक पुडुचेरी में वर्तमान मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के नेता रंगास्वामी मुख्यमंत्री पद के लिए 42% लोगों की पहली पसंद हैं. बता दें कि ये एग्जिट पोल के आंकड़े हैं, आधिकारिक आंकड़े नहीं हैं. एग्जिट पोल मतदान के तुरंत बाद किए जाने वाले सर्वेक्षण होते हैं, जिनमें मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया और सर्वे एजेंसियां ​​इसी आधार पर संभावित नतीजों का अनुमान लगाती हैं.

Axis My India Puducherry Exit Poll 1st

केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान हुआ था. पुडुचेरी चुनाव के मतों की गिनती बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल के साथ ही 4 मई को की जाएगी. पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में रिकॉर्ड 89.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. यह 1964 में पुडुचेरी का भारत में विलय होने के बाद हुए पहले चुनाव से अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है. इस केंद्र शासित प्रदेश में 30 सदस्यीय विधानसभा है और सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी या गठबंधन को 16 सीटों की आवश्यकता होती है.

Advertisement

पुडुचेरी में मुकाबला मुख्य रूप से ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस (AINRC) के नेतृत्व वाले एनडीए और कांग्रेस, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और विदुथलाई चिरुथिगल काची (VCK) वाले इंडिया ब्लॉक के बीच है. अभिनेता विजय की तमिलागा वेत्री कड़गम (TVK) और सीमान की नाम तमिलर काची (NTK) की उपस्थिति ने चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है. फिलहाल पुडुचेरी में एनडीए की सरकार है और एन. रंगास्वामी मुख्यमंत्री हैं.

Axis My India Puducherry Exit Poll

हालिया विधानसभा चुनाव में पुडुचेरी में थर्ड जेंडर मतदाताओं के बीच भी सबसे अधिक 91.81 प्रतिशत मतदान दर्ज किया. निर्वाचन आयोग द्वारा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पुडुचेरी में कुल 139 थर्ड जेंडर मतदाता थे, जिनमें से 91.81 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement