scorecardresearch
 

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने NDA सहयोगियों संग की बैठक, 2027 की बनाई रणनीति

BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी लखनऊ यात्रा के दौरान उत्तर प्रदेश के पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्षों और एनडीए गठबंधन के घटक दलों के साथ एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक की. इस दौरान उन्होंने साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीतिक चर्चा की.

Advertisement
X
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ दौरा. (Photo: PTI)
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का लखनऊ दौरा. (Photo: PTI)

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने लखनऊ दौरे के दूसरे दिन होटल ताज में रविवार सुबह पौने ग्यारह बजे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी दलों के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की.

इस रणनीतिक बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में सभी सहयोगियों को एकजुट कर सत्ता में वापसी का खाका खींचना था. नवीन ने इस दौरान बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ खास तौर पर चाय पर चर्चा की. इस पूरी चुनावी कसरत के दौरान अपना दल (एस) के कार्यकारी अध्यक्ष आशीष पटेल, सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद समेत रालोद के वरिष्ठ नेता त्रिलोक त्यागी भी मजबूती से मौजूद रहे.

पूर्व BJP प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक

सहयोगी दलों के अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद बीजेपी अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ अनौपचारिक माहौल में चाय पर संवाद किया. इस विशेष बैठक में राज्य के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, स्वतंत्र देव सिंह और महेंद्र नाथ पांडेय मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इनके अलावा लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भूपेंद्र चौधरी के साथ भी राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने और पुराने अनुभवों का लाभ उठाने के लिए सीधा संवाद किया.

Advertisement



तय कार्यक्रम के अनुसार, एनडीए नेताओं के साथ बैठक खत्म करने के बाद दोपहर ढाई बजे नितिन नवीन लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल का दौरा करेंगे. इसके ठीक बाद, दोपहर तीन बजकर दस मिनट पर वो एक विशाल 'शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन' में हिस्सा लेंगे. इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन संयुक्त रूप से संबोधित कर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेंगे.

नितिन नवीन शाम पांच बजे हरदोई रोड, बसंत कुंज इलाके में स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर जाएंगे. वो पीर नगर, बरवां कला में बूथ अध्यक्ष के घर पर ही प्रवास रुकेंगे. इसके साथ ही वह बसंत कुंज और हरदोई रोड क्षेत्र में आयोजित होने वाले दो अलग-अलग स्थानीय सांगठनिक कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत किया जा सके.

हम 12 सालों से हैं साथ: आशीष पटेल

एनडीए की इस बैठक पर उत्तर प्रदेश के मंत्री आशीष पटेल ने कहा कि उनका दल 12 साल से गठबंधन में है और वो सीटों के लिए नहीं, बल्कि जीत के लिए लड़ते हैं.

'NDA को फिर से सत्ता में लाना मकसद'

वहीं, RLD नेता त्रिलोक त्यागी ने कहा, 'जिस तरह सभी राजनीतिक पार्टियां मिलकर सरकार चला रही हैं, उसी तरह हमें भी एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए और 2027 का चुनाव जीतना चाहिए. मकसद NDA को फिर से सत्ता में लाना है; आज की बैठक इसी उद्देश्य को लेकर है...'

Advertisement

वो आगे कहते हैं, '...हम (NDA) अभी सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, हालांकि अलग-अलग जगहों पर चुनाव चिह्न अलग-अलग हो सकते हैं... RLD कार्यकर्ता पश्चिम से लेकर पूर्व तक मौजूद हैं... हम RLD का प्रभाव क्षेत्र बढ़ा रहे हैं. मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि RLD के समर्थन से राज्य में फिर से NDA की सरकार बनेगी.'

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement