उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक पार्टियां कमर कस रही हैं. प्रदेश में धरातल पर पहुंच चुकी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) भी चुनावी रणनीति को धार देने में अब जुट गई है. इसी क्रम में पार्टी 22 जून को फैजाबाद में एक बड़ी रैली आयोजित करने जा रही है, जिसमें बसपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे.
माना जा रहा है कि यह रैली पूर्वांचल में पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी. बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा है कि पार्टी किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी.
पार्टी सूत्रों के अनुसार, रैली के जरिए बसपा जमीनी स्तर पर तैयारियों को गति देने का काम करेगी. रैली के माध्यम से बसपा कार्यकर्ताओं समेत क्षेत्र की आम जनता से जुड़ने की कोशिश करेगी. रैली में संगठन की मजबूती से लेकर आगामी चुनावी की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.
यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने बसपा की तरफ बढ़ाया 'हाथ', लेकिन मायावती का मुलाकात से इनकार
23 जून को अकबरपुर में होगी रैली
सूत्रों का कहना है कि 23 जून को अकबरपुर में भी एक रैली आयोजित होगी. इसमें पार्टी विधानसभा सीटों के लिए प्रभारियों और संभावित उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है. बताया जा रहा है कि बसपा करीब 100 विधानसभा सीटों पर प्रभारियों की नियुक्ति कर सकती है. इनमें लंभुआ,बाराबंकी,आलापुर,अकबरपुर और बीकापुर समेत कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं.
कई बड़ी नियुक्ति होने की उम्मीद
पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई प्रभारियों की नियुक्ति की तैयारी चल रही है. इसके साथ ही करीब 100 सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है. माना जा रहा है कि जून के अंतिम सप्ताह तक नई नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है. इसमें पार्टी अपने पुराने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दे सकती है.
यह भी पढ़ें: बसपा में नेताओं की इनकमिंग बंद, आउटगोइंग जारी... मायावती की पॉलिसी से 2027 का संकट!
किसी के साथ गठबंधन नहीं करेगी बसपा
बसपा ने किसी दूसरी पार्टी के साथ गठबंधन करने की अटकलों को भी खारिज कर दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा है कि बसपा किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत नहीं कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी का गठबंधन आम लोगों के साथ है और वह आम लोगों के सहारे की चुनाव में उतर रही है.