इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद किया. इस दौरान छात्रों ने मध्य प्रदेश में नौकरियों की कमी, रुकी हुई भर्तियों, व्यापम घोटाले, पेपर लीक और ओबीसी आरक्षण के 13 प्रतिशत पदों को रोके जाने को लेकर अपनी परेशानियां साझा कीं. राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं को ध्यान से सुना और वर्तमान व्यवस्था पर तीखे प्रहार किए. उन्होंने कहा कि देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सिस्टम युवाओं के खिलाफ काम कर रहे हैं. छात्रों ने बताया कि वे सालों से परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन परिणाम समय पर नहीं आते और कई भर्तियां कोर्ट के बहानों से रुकी हुई हैं.