scorecardresearch
 

पश्चिम बंगाल चुनावः घर-घर जाकर करती हैं काम, कलिता माजी को बीजेपी ने बनाया उम्मीदवार

बीजेपी ने औशग्राम विधानसभा सीट से घर-घर जाकर नौकर का काम करने वाली कलिता माजी को टिकट दिया है. कलिता माजी ने अपनी जीत का विश्वास व्यक्त किया है.

Advertisement
X
कलिता माजी 2021 के बंगाल चुनाव में भी थीं बीजेपी की उम्मीदवार (Photo: ITG)
कलिता माजी 2021 के बंगाल चुनाव में भी थीं बीजेपी की उम्मीदवार (Photo: ITG)

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुकी है. इस सूची में औशग्राम विधानसभा सीट के लिए पार्टी के उम्मीदवार का भी नाम है. बीजेपी ने औशग्राम सीट से कलिता माजी को टिकट दिया है. पूर्वी बर्दवान के गुस्करा नगरपालिका के वार्ड नंबर 3 के मझपुकुर पार की निवासी कलिता माजी कल तक इलाकाई लोगों के घरों में नौकर का काम करती थीं.

कलिता माजी ड्राई क्लीनर और सफाईकर्मी का काम कर परिवार चलाती थीं. अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग से आने वाली कलिता ने अपनी उम्मीदवारी के ऐलान के साथ ही चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है. कलिता साल 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी के ही टिकट पर चुनाव मैदान में उतरी थीं. हालांकि, तब उन्हें प्रतिद्वंद्वी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार से कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था. कलिता माजी इस बार अपनी जीत का विश्वास जता रही हैं.

विधायकी की रेस में आने से लेकर घर-घर जाकर काम करने और चुनाव प्रचार तक, कलिता माजी ने आजतक बांग्ला से बात करते हुए खुलकर अपनी बात रखी. चुनाव प्रचार और घर-घर जाकर नौकर का काम, इसे लेकर सवाल पर कलिता माजी ने कहा कि सभी लोग मेरा बहुत समर्थन कर रहे हैं. सभी ने मुझसे यही कहा है कि चुनाव तक मुझे घर-घर जाकर काम करना बंद कर देना चाहिए, चुनाव प्रचार पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिन घरों में काम करती हूं, उन्हें इसमें कोई आपत्ति नहीं हैं और मुझे उनका पूरा सहयोग मिल रहा है. 

Advertisement

कलिता माजी ने स्पष्ट कहा कि फिलहाल, चुनाव प्रचार करूंगी. उन्होंने अपनी जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि पिछली बार चुनाव में सिर्फ 11 हजार वोट के अंतर से हारी थी. इस बार यह अंतर पाट लूंगी. कलिता माजी ने दावा किया कि औशग्राम विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी का मजबूत संगठन है. लेकिन यहां के लोग डरे हुए हैं. वह डर को लेकर सवाल पर कहती हैं कि मुझे कोई चिंता नहीं है. घर-घर जाकर प्रचार कर रही हूं.

कलिता माजी को जीत का भरोसा
कलिता माजी को जीत का भरोसा

बीजेपी उम्मीदवार ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता भी यहां चुनाव प्रचार के लिए आएंगे. यहां हर कोई दिल से बीजेपी का समर्थक है, लेकिन डर के मारे वे खुलकर सामने नहीं आ पाते. गौरतलब है कि बीजेपी ने 2021 में भी औशग्राम सीट से कलिता माजी को ही टिकट दिया था. तब वह दूसरे नंबर पर रही थीं. टीएमसी के उम्मीदवार अबेदानंद थंडर इस सीट से जीतकर विधानसभा पहुंचने में सफल रहे थे.

वोटर लिस्ट की विचाराधीन सूची में नाम पर क्या बोलीं?

कलिता माजी का नाम एसआईआर के बाद प्रकाशित वोटर लिस्ट ड्राफ्ट की विचाराधीन सूची में है. टीएमसी के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया कि बीजेपी जानती है कि 'विचाराधीन' होने पर भी कलिता माजी का नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा. यही वजह है कि सब कुछ जानते हुए भी बीजेपी ने कलिता माजी को उम्मीदवार बनाया है.  इसे लेकर सवाल पर कलिता माजी ने सीधे-सीधे कुछ भी बोलने से परहेज किया.

Advertisement

यह भी पढ़ें: विधानसभा चुनाव: TMC ने बंगाल की सभी सीटों पर किया उम्मीदवारों का ऐलान, भवानीपुर से लड़ेंगी ममता बनर्जी

उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझे चुनाव प्रचार करने के लिए कहा है, इसमें कोई समस्या नहीं है. मैं चुनाव प्रचार कर रही हूं. कलिता ने वोटर लिस्ट को लेकर कहा कि मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता. कलिता माजी गुस्करा नगरपालिका के बूथ संख्या 195 की वोटर लिस्ट में दर्ज है. एसआईआर के बाद प्रकाशित मतदाता सूची में उस बूथ की वोटर लिस्ट में उनका नाम क्रमांक 397 पर है. कलिता के नाम के आगे 'विचाराधीन' लिखा है.

यह भी पढ़ें: बंगाल में CM ममता की सीट से चुनाव लड़ेंगे सुवेंदु अधिकारी, BJP ने जारी की 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

जानकारी के मुताबिक कलिता माजी को इस मामले में सुनवाई के लए चुनाव अधिकारियों ने बुलाया भी था. कलिता माजी ने सुनवाई में पहुंचकर जरूरी दस्तावेज जमा भी करा दिए थे. सवाल उनके मताधिकार पर है. ऐसे में जब मतदान का अधिकार ही अभी स्पष्ट नहीं है, कलिता माजी को बीजेपी का उम्मीदवार बनाए जाने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement