बहुजन समाज पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर जुट गई है. पार्टी प्रदेश में मायावती सरकार (2007-2012) के कार्यकाल को जनता तक पहुंचाने के लिए नया अभियान शुरू किया है. बसपा प्रमुख मायावती के निर्देश पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे.
इस दौरान लोगों को बताया जाएगा कि 2007 से 2012 के बीच मायावती के नेतृत्व वाली बसपा सरकार बाद की सरकारों से किस तरह अलग थी.इस जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य किसानों, छात्रों. महिलाओं और युवाओं समेत अलग-अलग मतदाता वर्गों तक बसपा सरकार की योजनाओं और पहलों को पहुंचाना है.
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि 'हम विस्तार से बताएंगे कि बसपा सरकार ने समाज के हर वर्ग के लिए क्या काम किए. इससे मतदाताओं को पार्टी के साथ और मजबूती से जोड़ने में मदद मिलेगी.' उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत वह विधानसभा क्षेत्रों का दौरा भी शुरू कर चुके हैं.
17 जुलाई से इन जिलों का करेंगे दौरा
यह अभियान 22 जून से अयोध्या में शुरू किए गए पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलनों के साथ-साथ चलाया जा रहा है. अब तक प्रदेशभर में ऐसे करीब एक दर्जन सम्मेलन आयोजित किए जा चुके हैं.विश्वनाथ पाल ने कहा कि '17 जुलाई से हम प्रतापगढ़ और प्रयागराज की विधानसभा सीटों का दौरा करेंगे और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.'
उन्होंने बताया कि किन क्षेत्रों का दौरा किया जाएगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों के लिए कितनी जल्दी जुटाया जा सकता है.