केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 18 जुलाई 2026 को कक्षा 10वीं के 'सेकेंड बोर्ड एग्जामिनेशन 2026' (Second Board Examination) के नतीजे घोषित कर दिए हैं. राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 की सिफारिशों के तहत साल 2026 से ही सीबीएसई ने 10वीं कक्षा के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने की ऐतिहासिक व्यवस्था शुरू की थी.
इस नई व्यवस्था के तहत मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक चली थी, जिसके बाद प्रदर्शन सुधारने और कंपार्टमेंट वाले छात्रों के लिए 15 मई से 21 मई 2026 तक 'सेकेंड बोर्ड' परीक्षा आयोजित की गई थी. जिन छात्रों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया है, वे डिजिलॉकर के आधिकारिक रिजल्ट पोर्टल results.digilocker.gov.in पर जाकर तुरंत अपना स्कोरकार्ड चेक कर सकते हैं.
दो परीक्षाओं में से 'बेस्ट' स्कोर होगा मान्य
इस नई पॉलिसी की सबसे बड़ी राहत छात्रों को ये मिली है कि जो रेगुलर स्टूडेंट्स दोनों परीक्षाओं में शामिल हुए थे, उनके अंतिम रिजल्ट के लिए दोनों में से जिस भी परीक्षा में उनका बेहतर प्रदर्शन रहा है, उसी अंक को अंतिम माना जाएगा. इस नियम से छात्रों के सिर से बोर्ड परीक्षा का मानसिक दबाव काफी हद तक कम हुआ है.
कैसा रहा इस बार का रिजल्ट?
सीबीएसई द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सेकेंड बोर्ड परीक्षा में छात्रों का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. इस परीक्षा के लिए कुल 6,64,027 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें से 6,63,777 छात्र परीक्षा में शामिल हुए. कुल 5,13,955 छात्र ऐसे थे जो अपना स्कोर बेहतर करने (Improvement) के इरादे से परीक्षा में बैठे थे. इनमें से 3,08,095 छात्रों (59.95%) ने अपनी मुख्य परीक्षा के मुकाबले अपने स्कोर में सुधार किया है.
कंपार्टमेंट कैटेगरी में उछाल
कंपार्टमेंट श्रेणी में 1,49,822 छात्र उपस्थित हुए थे, जिनमें से 78,503 छात्र (52.40%) पास घोषित किए गए हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि साल 2025 में कंपार्टमेंट का पास प्रतिशत महज 48.68% था, जिसमें इस बार बड़ा सुधार हुआ है. मुख्य बोर्ड परीक्षा और सेकेंड बोर्ड परीक्षा के नतीजों को मिलाने के बाद साल 2026 के लिए सीबीएसई 10वीं का कुल ओवरऑल पास प्रतिशत 96.78% रहा है.
मार्कशीट और रिजल्ट से जुड़ी जरूरी बातें
सीबीएसई सभी संबद्ध स्कूलों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल एड्रेस पर स्कूल-वार परिणाम भी भेजेगा. विदेशी स्कूलों में पढ़ने वाले सीबीएसई के छात्र भी डिज़िलॉकर के जरिए अपने डिजिटल एकेडमिक दस्तावेज डाउनलोड कर सकेंगे. रेगुलर छात्रों को उनकी मूल प्रिंटेड मार्कशीट-कम-पासिंग सर्टिफिकेट उनके संबंधित स्कूलों के जरिए ही दिए जाएंगे.
प्राइवेट उम्मीदवारों के डिजिटल दस्तावेज डिज़िलॉकर पर उपलब्ध रहेंगे, जबकि प्रिंटेड दस्तावेज उनके पंजीकृत पते पर भेजे जाएंगे. दिल्ली ईस्ट और दिल्ली वेस्ट रीजनल ऑफिस के प्राइवेट छात्र अपने परीक्षा केंद्रों से भी इसे कलेक्ट कर सकते हैं.
अफ़वाहों से बचें:
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी असत्यापित पोस्ट, अफवाह या अनौपचारिक स्रोतों पर भरोसा न करें. किसी भी प्रकार की पूछताछ के लिए छात्र resultcbse2026@cbseshiksha.in पर ईमेल कर सकते हैं या सीबीएसई की टेली-हेल्पलाइन से संपर्क कर सकते हैं.