NEET UG 2026 री-एग्जाम के परिणाम जारी होने के बाद कानपुर की छात्रा आर्या सिंह ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की रिजल्ट प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए हैं. छात्रा का दावा है कि OMR शीट के आधार पर उनके 609 अंक बन रहे थे लेकिन परिणाम जारी होने के बाद कुछ ही घंटों के अंतराल में उनके स्कोर में बड़ा बदलाव दिखाई दिया. आर्या के मुताबिक, NTA की वेबसाइट पर रिजल्ट चेक करने के दौरान पहले उन्हें 540 अंक दिखे, जबकि करीब दो घंटे बाद स्कोर घटकर 167 अंक रह गया. छात्रा ने इसे तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए NTA और शिक्षा मंत्रालय को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है और जांच की मांग की है.
OMR शीट में 609 अंक का दावा, आपत्ति के बाद NTA ने किया था अपडेट
आर्या सिंह ने बताया कि 13 जुलाई की रात जब NTA की वेबसाइट पर उनकी OMR शीट अपलोड हुई तो उसमें प्रश्नों का क्रम गलत था. हालांकि, उत्तरों का मिलान करने पर उनका अनुमानित स्कोर 609 अंक आ रहा था. इसके बाद उन्होंने NTA के चैलेंज पोर्टल पर OMR शीट में प्रश्न क्रम की गड़बड़ी को लेकर आपत्ति दर्ज कराई. छात्रा का कहना है कि शिकायत के बाद NTA ने संशोधित OMR शीट जारी की जिसमें प्रश्नों का क्रम तो ठीक कर दिया गया, लेकिन अंक सही नहीं थे.
रिजल्ट जारी होने के बाद बदले अंक
आर्या के अनुसार, 16 जुलाई की रात NEET UG का रिजल्ट जारी होने के बाद उन्होंने पहली बार करीब 12 बजे अपना स्कोर देखा, जिसमें 540 अंक दर्ज थे. इसके करीब दो घंटे बाद दोबारा रिजल्ट देखने पर अंक घटकर 167 रह गए. छात्रा ने सवाल उठाया कि एक ही उम्मीदवार के रिजल्ट में इतने कम समय में अलग-अलग अंक कैसे दिखाई दे सकते हैं. वर्तमान में NTA की वेबसाइट पर उनका स्कोर 167 अंक दर्ज है जिसके आधार पर उनकी ऑल इंडिया रैंक 12,52,036 और कैटेगरी रैंक 3,67,585 है.
लगातार दूसरे प्रयास में गड़बड़ी का आरोप
आर्या ने बताया कि यह उनका NEET का दूसरा प्रयास था. उनका दावा है कि 2025 में दिए गए पहले प्रयास के दौरान भी उन्हें इसी तरह की समस्या का सामना करना पड़ा था, हालांकि उस समय पर्याप्त दस्तावेज और सबूत नहीं होने के कारण वह आपत्ति दर्ज नहीं करा सकी थीं. इस बार उन्होंने OMR शीट, रिजल्ट और अन्य दस्तावेजों के साथ NTA और शिक्षा मंत्री को शिकायत भेजी है. आर्या का कहना है कि अगर उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं होती है तो वह इस मामले को राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय तक लेकर जाएंगी.
पूर्व सैनिक की बेटी हैं आर्या, कानपुर से की है पढ़ाई
आर्या सिंह के पिता राकेश सिंह सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक हैं. उन्होंने राजपूताना राइफल्स में 24 साल तक देश की सेवा की और 2025 में रिटायर हुए. उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के नौगांव क्षेत्र में भी रही है. आर्या की मां प्रियम सिंह गृहणी हैं जबकि उनका छोटा भाई आयुष बीए की पढ़ाई कर रहा है. आर्या ने कानपुर स्थित सरदार पटेल एकेडमी से 12वीं तक की शिक्षा पूरी की है.