scorecardresearch
 

JBL Live 780NC Review: 15 हजार के इस हेडफोन में ऐसा क्या है जो Sony को टक्कर देता है?

JBL Live 780NC Review: अगर आप बजट कैटिगरी में हेडफोन्स देख रहे हैं तो ये रिव्यू पूरा पढ़ें. हमने JBL के इस नए हेडफोन्स को रिव्यू किया है. यूज करने के बाद हमारा एक्सपीरिएंस कैसा रहा, आइए जानते हैं.

Advertisement
X
JBL LIVE 780NC Review
JBL LIVE 780NC Review

आजकल अच्छे वायरलेस हेडफोन खरीदने के लिए 30-40 हजार रुपये खर्च करना जरूरी नहीं है. करीब 15 हजार रुपये के बजट में भी अब ऐसे हेडफोन मिल जाते हैं जिनमें अच्छा साउंड, नॉइज कैंसिलेशन और लंबी बैटरी जैसे फीचर्स मिलते हैं. JBL Live 780NC इसी कैटेगरी का हेडफोन है.

JBL ने इसे भारत में 15,999 रुपये में लॉन्च किया है. कंपनी की वेबसाइट पर इसकी कीमत 18,999 रुपये है, हालांकि अभी इसे 15,999 रुपये में बेचा जा रहा है. करीब 10 दिन इस्तेमाल करने के बाद मुझे इस हेडफोन में कई ऐसी बातें मिलीं जो इसे अपने से महंगे हेडफोन के करीब ले जाती हैं. लेकिन कुछ कमियां भी हैं, खासकर अगर आप आराम और ज्यादा क्लीन साउंड एक्सपीरिएंस को तरजीह देते हैं. 

डिजाइन में प्रीमियम फील

JBL Live 780NC को पहली बार होल्ड करने पर यह बिल्कुल सस्ता हेडफोन नहीं लगता. इसका पूरा बॉडी प्लास्टिक का है, लेकिन प्लास्टिक की क्वालिटी अच्छी है. हेडफोन मजबूत महसूस होता है और इसकी फिनिश भी अच्छी है. इसका वजन 260 ग्राम है, इसलिए यह बहुत भारी भी नहीं लगता. 

डिजाइन काफी सिंपल है. इसमें कोई बहुत ज्यादा शाइनी या दिखावटी डिजाइन नहीं दिया गया है. अलग-अलग रंगों में यह हेडफोन मिलता है और अगर आप थोड़ा अलग दिखने वाला हेडफोन चाहते हैं तो ऑरेंज जैसे रंग भी उपलब्ध हैं. हेडफोन फोल्ड हो जाता है. इससे इसे बैग में रखना आसान हो जाता है. बॉक्स में कैरी करने के लिए पाउच भी मिलता है.

Advertisement

हालांकि लंबे समय तक पहनने पर एक बात परेशान कर सकती है. इसका क्लैंप और ईयरकप कुछ लोगों को थोड़ा टाइट लग सकता है. करीब एक-दो घंटे लगातार इस्तेमाल करने के बाद मुझे भी आराम के मामले में यह उतना शानदार नहीं लगा जितना इसका डिजाइन देखकर उम्मीद होती है. 

साउंड कैसा है

ऑडियो में JBL Live 780NC सबसे ज्यादा इंप्रेस करता है. इसमें 40mm ड्राइवर दिए गए हैं और JBL का सिग्नेचर साउंड मिलता है. डिफॉल्ट स्टूडियो मोड में साउंड थोड़ा सॉफ्ट और बैलेंस्ड है. बेस मौजूद है, लेकिन बहुत ज्यादा लाउड नहीं है.  

अगर आपको बेस ज्यादा पसंद है तो JBL ऐप में कई साउंड मोड मिलते हैं. Bass और Extra Bass मोड में बास काफी बढ़ जाता है. लेकिन इसके साथ मिड और हाई थोड़े दब जाते हैं.

मेरे हिसाब से वोकल मोड ज्यादा अच्छा है. इस मोड में आवाज ज्यादा साफ सुनाई देती है और गाने में वोकल्स बेहतर तरीके से सामने आते हैं. अगर आप पॉडकास्ट, यूट्यूब वीडियो और फिल्मों के साथ म्यूजिक भी सुनते हैं तो यह मोड ज्यादा काम का है.

JBL का Personi-Fi 3.0 भी यहां काफी काम आता है. इसमें आप अपनी सुनने की पसंद के हिसाब से साउंड को बदल सकते हैं. यानी अगर आपको डिफॉल्ट साउंड पसंद नहीं आता तो हेडफोन को अपनी पसंद के मुताबिक ट्यून किया जा सकता है. 

Advertisement

Spatial Audio भी दिया गया है. हालांकि म्यूजिक सुनते समय इसका असर बहुत बड़ा नहीं है. वीडियो और टीवी देखते समय इसका फायदा थोड़ा ज्यादा महसूस होता है.

ANC कितना अच्छा है

15 हजार रुपये के आसपास के हेडफोन में नॉइज कैंसिलेशन अब कोई नई बात नहीं है. लेकिन JBL Live 780NC का ट्रू एडेप्टिव नॉयज कैंसिलेशन 2.0 इसकी सेलिंग प्वाइंट बन सकती है. 

यह आसपास के शोर को काफी हद तक कम कर देता है. ऑफिस, कैफे या मेट्रो जैसी जगहों पर इसका फायदा साफ महसूस होता है. हालांकि सोनी और बोस के महंगे हेडफोन जैसी उम्मीद करना सही नहीं होगा.

JBL ने इसमें Ambient Aware और TalkThru जैसे फीचर भी दिए हैं. Ambient Aware में आसपास की आवाज सुनी जा सकती है, जबकि TalkThru में म्यूजिक की आवाज कम हो जाती है ताकि आप हेडफोन उतारे बिना किसी से बात कर सकें.  मेरे हिसाब से इस कीमत पर ANC काफी अच्छा है और यह Live 780NC को एक सॉलिड विकल्प बनाता है.

कॉलिंग में कैसा है

कॉलिंग के लिए इसमें चार माइक्रोफोन दिए गए हैं और JBL ने Perfect Calls 2.0 का इस्तेमाल किया है. कंपनी के मुताबिक इसमें AI बेस्ड वॉयस क्लीन करने की तकनीक भी दी गई है. 

रोजमर्रा की कॉल के लिए यह हेडफोन अच्छा काम करता है. ऑफिस कॉल और सामान्य फोन कॉल में आवाज ठीक रहती है. हालांकि बहुत ज्यादा शोर वाली जगह पर कोई भी हेडफोन पूरी तरह आसपास की आवाज खत्म नहीं कर सकता.

Advertisement

बैटरी बैकअप

अगर आप बार-बार हेडफोन चार्ज करना पसंद नहीं करते तो JBL Live 780NC आपको पसंद आएगा. कंपनी का दावा है कि ANC बंद रखने पर यह 80 घंटे तक चल सकता है. ANC ऑन करने पर भी 50 घंटे तक की बैटरी मिलती है. पूरी तरह चार्ज होने में करीब दो घंटे लगते हैं. 

असल इस्तेमाल में भी इसकी बैटरी काफी मजबूत है. रोज कुछ घंटे इस्तेमाल करने पर आपको हर दूसरे दिन चार्जर निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यही बात इसे ऑफिस और यात्रा के लिए काफी उपयोगी बनाती है.

कनेक्टिविटी में भी कोई कमी नहीं

JBL Live 780NC में Bluetooth 6.0 दिया गया है. इसमें मल्टी-पॉइंट कनेक्शन भी है, यानी आप इसे एक से ज्यादा डिवाइस के साथ कनेक्ट कर सकते हैं. लैपटॉप पर काम करते हुए फोन पर कॉल आने पर यह सुविधा काफी काम आती है. 

JBL Headphones ऐप के जरिए साउंड प्रोफाइल बदलने, Personi-Fi इस्तेमाल करने और कई दूसरे कंट्रोल को अपनी जरूरत के हिसाब से सेट करने का विकल्प मिलता है.

क्या JBL Live 780NC खरीदना चाहिए

JBL Live 780NC की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह किसी एक फीचर पर निर्भर नहीं है. इसका डिजाइन अच्छा है, साउंड अच्छा है, ANC अच्छा है और बैटरी तो इस कीमत पर इसकी सबसे बड़ी ताकत है.

Advertisement

इसकी सबसे बड़ी कमी आराम है. लंबे समय तक पहनने पर यह हर किसी के लिए आरामदायक नहीं होगा. डिफॉल्ट साउंड भी थोड़ा सॉफ्ट है और अगर आपको बहुत साफ हाई और मिड पसंद हैं तो आपको ऐप में जाकर साउंड प्रोफाइल बदलना पड़ेगा. 

लेकिन करीब 15 हजार रुपये की कीमत पर देखें तो JBL Live 780NC एक काफी मजबूत पैकेज है. आपको इसमें 40mm ड्राइवर, Adaptive ANC, मल्टी-पॉइंट कनेक्शन, Personi-Fi 3.0, Spatial Sound और 80 घंटे तक की बैटरी मिलती है. 

अगर आपका बजट 15 हजार रुपये के आसपास है और आपको ऐसा ओवर-ईयर हेडफोन चाहिए जिसे ऑफिस, यात्रा, म्यूजिक और फिल्में देखने के लिए इस्तेमाल किया जा सके, तो JBL Live 780NC को नजरअंदाज करना मुश्किल है.

आज तक रेटिंग: 8.5/10

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement