
नारंगी रंग की एक बाइक को तोड़ती एक बुर्काधारी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. महिला बाइक के आगे का हिस्सा तोड़ने के बाद चुपचाप भागने की फिराक में होती है कि एक युवक आकर उससे सवाल-जवाब करने लगता है. वीडियो को शेयर करने वाले कई लोग आक्रोश जताते हुए कह रहे हैं कि अच्छा हुआ हिंदू युवक ने ये सारा वाकया रिकॉर्ड कर लिया, नहीं तो महिला उस पर अनाप-शनाप आरोप लगा देती और फिर कोई गलती न होने के बावजूद वो पिट जाता.
एक एक्स यूजर ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “अब्दुल हो या सलमा सबका एक ही टारगेट है, काफिर. वीडियो में साफ साफ देख सकते हैं कि पहले मदरसा छाप मुस्लिम महिला बाईक तोड़कर किस प्रकार बाईक मालिक को ही धमका रही है. बाईक मालिक ने वीडियो नहीं बनाई होती तो क्या होता? यह मुस्लिम महिला अपने घरवालों को फोन कर बुलाती और इस बाईक वाले पर छेडख़ानी का आरोप लगाती, फिर इसे पीटा जाता, दो चार सेकुलर हिन्दू भी बिना सच जाने इस युवक को कूटकर पुलिस के हवाले कर देते."

वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे कई लोग मुस्लिम महिलाओं के बारे में नफरत भरे कमेंट्स कर रहे हैं. मिसाल के तौर पर, एक व्यक्ति ने लिखा, "बुर्का अपराध करके छुपाने की आजादी देता है."
आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो स्क्रिप्टेड है और किसी असली घटना को नहीं दिखाता. इसमें दिख रही महिला और उससे सवाल पूछता युवक- दोनों एक्टर हैं.
कैसे पता चली सच्चाई?
वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें इससे मिलता-जुलता वीडियो शिवांश यादव नाम के एक कंटेंट क्रिएटर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला. इस वीडियो में भी वही महिला है, वही नारंगी बाइक है और वही लोकेशन है. लेकिन बाइक के मालिक के रूप में शिवांश है.

इस तरह के वीडियो बनाने वाले क्रिएटर्स अक्सर एक ही कहानी पर अलग-अलग कलाकारों के साथ कई वीडियो शूट कर लेते हैं और उन्हें अलग-अलग अकाउंट्स से शेयर करते हैं, ताकि सभी एक्टर्स के व्यक्तिगत सोशल मीडिया अकाउंट्स को इंगेजमेंट मिल जाए.
शिवांश ने ऐसे और भी कई वीडियो पोस्ट किए हैं जिनमें ठीक वही महिला एक्टर बुर्का पहने हुए दिख रही है. इन सभी में शिवांश ने सफेद प्रिंट्स वाली काली टी-शर्ट पहनी है. ऐसा हो सकता है कि ये सभी वीडियो एक ही दिन शूट किए गए हों. इनमें से एक वीडियो में बुर्का पहने हुए महिला, मंदिर जा रहे शिवांश को सावन के महीने में मटन खिलाने की कोशिश करती है. वहीं, एक अन्य वीडियो में शिवांश, रिक्शेवाली की एक्टिंग कर रही बुर्केवाली महिला को पैसे देकर उसकी मदद करता है.
बाइक तोड़ने वाले वीडियो से ठीक पहले शिवांश ने एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें एक लड़की स्कर्ट टॉप पहने हुए उसी बाइक पर बैठी है. उसके जूते और फोन वायरल वीडियो वाली बुर्कानशीं महिला से मेल खाते हैं. साथ ही, आवाज भी काफी मिलती है. इस वीडियो में वो अपना नाम संजना बताती है. हम पक्के तौर पर नहीं कह सकते, पर वायरल वीडियो में बुर्का पहने हुए यही एक्टर हो सकती है.

शिवांश के अकाउंट पर कई प्रैंक वीडियो और स्क्रिप्टेड वीडियो मौजूद हैं. उसने बायो सेक्शन में भी खुद को एक्टर बताया है.
हमने इस बारे में और जानकारी पाने के लिए शिवांश से संपर्क किया है. अगर उनका जवाब आया तो उसे स्टोरी में अपडेट किया जाएगा.