नीट परीक्षा रद्द होने के फैसले ने जहां एक ओर धांधली की आशंकाओं पर विराम लगाया है, वहीं दूसरी ओर लाखों उम्मीदवारों के सामने अनिश्चितता का पहाड़ खड़ा कर दिया है. साल भर की कड़ी मेहनत, रातों की नींद और डॉक्टर बनने के सपने पर फिलहाल इंतजार की मुहर लग गई है. पेपर लीक के आरोपों के बीच शुचिता बचाने का यह कदम सही तो है, लेकिन असली सवाल अब उन छात्रों का है जो मानसिक और शारीरिक रूप से टूट चुके हैं. आखिर अब आगे क्या? क्या यह दोबारा परीक्षा सिर्फ एक तारीख का बदलाव है या छात्रों के धैर्य की एक और कठिन अग्निपरीक्षा?
जारी हुआ बयान
3 मई को आयोजित हुए NEET परीक्षा को रद्द करने के बड़े ऐलान के साथ ही NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर छात्रों को शांत रहने की हिदायत देते हुए कुछ प्वॉइंट्स साझा किया है. एजेंसी ने कहा है कि जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना उचित नहीं पाया गया.
क्यों उठाया गया फैसला?
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार NEET UG 2026 से जुड़ी जानकारी उम्मीदवारों, अभिभावकों और आम जनता के साथ साझा की है. एजेंसी ने बताया कि 8 मई 2026 को कुछ मामलों को निष्पक्ष जांच और सत्यापन के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था जिसके बाद से परीक्षा रद्द करना पड़ा है. यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि राष्ट्रीय परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से कराई जा सकें.
केंद्रीय एजेंसियों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिली जानकारी और जांच रिपोर्ट के आधार पर NTA ने यह पाया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इसी वजह से भारत सरकार की मंजूरी के बाद राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने 3 मई 2026 को हुई NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है. अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी जिसकी नई तारीखें बाद में घोषित की जाएंगी.
NTA को मिली जानकारी और कानून प्रवर्तन एजेंसियों की जांच रिपोर्ट के बेसिस पर यह तय हुआ है कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना सही नहीं होगा. अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी और इसकी तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी. साथ ही नए एडमिट कार्ड जारी करने की पूरी समय-सारणी भी आने वाले दिनों में NTA की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य आधिकारिक माध्यमों पर जारी की जाएगी.
क्या है आगे की प्रक्रिया?
CBI को सौंपी गई जांच
NTA ने बताया कि भारत सरकार ने इस मामले की पूरी और गहराई से जांच के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो(CBI) को सौंप दिया है. NTA ने यह भी कहा कि वह इस जांच में पूरी तरह सहयोग करेगा और CBI को सभी जरूरी दस्तावेज, रिकॉर्ड और जानकारी उपलब्ध कराएगा, ताकि मामले की सही तरीके से जांच हो सके.
फिर से होगी परीक्षा
यह फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है और इसलिए भी कि देश की परीक्षा प्रणाली लोगों के भरोसे पर टिकी होती है. इसके लिए दोबारा से परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. नई परीक्षा की तारीखें जल्द ही आधिकारिक रूप से घोषित की जाएंगी. NTA ने कहा है कि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाएगी.
NTA को यह अच्छी तरह समझ है कि परीक्षा दोबारा कराने से छात्रों और उनके परिवारों को काफी परेशानी होगी और वह इस बात को हल्के में नहीं ले रहा है.
लेकिन एजेंसी का कहना है कि अगर यह कदम नहीं उठाया जाता, तो इससे परीक्षा प्रणाली पर भरोसा और ज्यादा नुकसान पहुंचा सकता था, जो लंबे समय तक ठीक नहीं हो पाता.
डेटा और फीस से जुड़ी जानकारी
मई 2026 सत्र में जिन कैंडिडेट ने पहले ही आवेदन किया था उनकी सारी जानकारी उनके चुने हुए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा में भी मान्य रहेंगे.
छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई अतिरिक्त फीस भी नहीं ली जाएगी. इसके साथ ही, जो फीस पहले जमा की गई थी, वह वापस कर दी जाएगी. NTA यह परीक्षा अपने ही संसाधनों से दोबारा आयोजित करेगा ताकि प्रक्रिया सुचारू तरीके से पूरी हो सके.