scorecardresearch
 

अमरावती रेप केस: 15 साल की लड़की ने दर्ज कराई शिकायत, कैफे और बगीचे में मिलता था आरोपी

अमरावती यौन शोषण मामले में 15 वर्षीय किशोरी ने पहली शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मुख्य आरोपी अयान अहमद सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. मामले में जब्त इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच जारी है. जांच सोशल मीडिया पर वायरल अश्लील वीडियो के बाद शुरू हुई थी. आरोप है कि पीड़िताओं का अलग-अलग स्थानों पर शोषण किया गया. एसआईटी मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने 41 सोशल मीडिया अकाउंट हटाए हैं और लापरवाही पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है.

Advertisement
X
आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क और टैबलेट जब्त किए गए हैं. Photo ITG
आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क और टैबलेट जब्त किए गए हैं. Photo ITG

महाराष्ट्र के अमरावती जिले में सामने आए यौन शोषण मामले में 15 वर्षीय किशोरी ने आगे आकर शिकायत दर्ज कराई है. राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए अन्य पीड़िताओं से भी बिना डर सामने आने की अपील की. मंत्री ने बताया कि नागपुर की रहने वाली इस नाबालिग पीड़िता का बयान दर्ज किया जा रहा है. पुलिस ने अब तक इस मामले में मुख्य आरोपी अयान अहमद तनवीर अहमद (19) सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. अयान को 21 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है.

इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जांच के लिए भेजे गए
पुलिस ने आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क और टैबलेट जब्त किए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है. 11 अप्रैल को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नाबालिग लड़कियों के अश्लील वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की थी. अब तक कोई पीड़िता सामने नहीं आई थी, लेकिन यह 15 वर्षीय किशोरी इस मामले में पहली शिकायतकर्ता बनी है.

कई स्थानों पर शोषण का आरोप
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अयान अहमद ने कथित तौर पर कठोरा रोड स्थित एक किराए के फ्लैट में पीड़िताओं का शोषण किया. इसके अलावा वह अचलपुर, परतवाड़ा के कैफे और वझर बांध के पास स्थित एक बगीचे में भी उनसे मिलता था.

Advertisement

SIT कर रही जांच, सरकार सख्त
मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) कर रही है. बावनकुले ने कहा कि सरकार इस घटना को बेहद गंभीरता से ले रही है और देश में कहीं भी छिपे आरोपियों को पकड़कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास इस मामले से जुड़े साक्ष्य हैं, तो वे पुलिस या एसआईटी के साथ साझा करें.

41 सोशल मीडिया अकाउंट हटाए गए
पुलिस ने अब तक 41 सोशल मीडिया अकाउंट हटाए हैं, जिनका इस्तेमाल आपत्तिजनक सामग्री फैलाने के लिए किया जा रहा था. वहीं, मुख्य आरोपी का जन्मदिन मनाते नजर आए एक पुलिस अधिकारी और दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement