scorecardresearch
 

'प्रोफेशनल भगोड़े' जैसी हरकतें! श्रद्धा दुबे, बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर अरेस्ट; कैसे नेपाल से आगरा, फिर नागपुर पहुंचे तीनों?

Shraddha Dubey Arrested: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में 50 हजार की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर को यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की मां ने हत्या का आरोप लगाया था, जबकि श्रद्धा इसे सुसाइड बता रही थी. तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार लोकेशन बदलकर फरार चल रहे थे.

Advertisement
X
श्रद्धा, रश्मि और तनवीर अरेस्ट (Photo- ITG)
श्रद्धा, रश्मि और तनवीर अरेस्ट (Photo- ITG)

लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा डेथ केस में फरार चल रही मॉडल श्रद्धा दुबे आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गई. उसके साथ बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर को भी यूपी एसटीएफ/पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है. हैरान करने वाली बात यह है कि श्रद्धा एंड कंपनी नागपुर से पकड़ी गई है, जबकि आखिरी बार उनकी लोकेशन आगरा में बताई गई थी. एक होटल से आरोपियों के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर कैसे पुलिस को चकमा देकर श्रद्धा इतनी दूर पहुंच गई.

आपको बता दें कि करीब 11 दिन यूपी पुलिस को छकाने के बाद श्रद्धा, रश्मि और तनवीर पकड़े गए हैं. लखनऊ में शिवा की मौत के बाद सबसे पहले खबर आई थी कि श्रद्धा दुबे नेपाल भाग गई है. इसके बाद उसके आगरा में होने की सूचना मिली लेकिन आज नागपुर के फ्लैट से तीनों की गिरफ्तारी हुई है. नागपुर पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में यूपी एसटीएफ और लखनऊ पुलिस ने इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया है. नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है.

सबसे खास बात यह है कि 50 हजार की इनामी श्रद्धा दुबे की फरारी पर यूपी एसटीएफ ने माना है कि वह किसी 'प्रोफेशनल भगोड़े' की तरह व्यवहार कर रही थी. बार-बार लोकेशन बदलने से लेकर पुलिस को चकमा देने तक सबकुछ एक पेशेवर भगोड़े की तरह था. 

Advertisement

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने कानपुर नंबर की गाड़ी और आईपी एड्रेस की मदद से श्रद्धा दुबे को उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर के साथ गिरफ्तार किया है. उधर, श्रद्धा लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी. लेकिन पुलिस टीम ने उसे नागपुर से आगे फरार होने से पहले ही धर दबोचा.  

वहीं, लखनऊ पुलिस ने प्रेस नोट में बताया कि हजरतगंज थाने में दर्ज शिवा शर्मा हत्याकांड (मुकदमा संख्या 216/2026) में वांछित चल रहे पचास-पचास हजार रुपये के तीन इनामी अभियुक्तों- श्रद्धा दुबे, ड्राइवर तनवीर उर्फ दानिश और रश्मि दुबे को 20 अक्टूबर को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. 

वादिनी रंजना शर्मा (शिवा की मां) की तहरीर पर धारा 103(1) बीएनएस के तहत यह मामला दर्ज हुआ था. लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने नागपुर पुलिस के सहयोग से इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. अब तीनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद नागपुर से लखनऊ लाया जा रहा है, और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है.

जानें पूरा मामला 

बीते दिनों लखनऊ के युवा कारोबारी शिवा शर्मा की फ्लैट की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. मृतक की मां रंजना शर्मा ने मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे पर बेटे की हत्या का गंभीर आरोप लगाया था. मां का कहना था कि शिवा पिछले चार महीने से श्रद्धा के साथ लिव-इन में था, और आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की फिर चौथी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया.

Advertisement

इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था. गिरफ्तारी से बचने के लिए श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश फरार चल रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन पर इनाम घोषित किया था.

फरार रहने के दौरान श्रद्धा दुबे ने एक वीडियो जारी कर अपना बचाव किया था. उसने दावा किया था कि वह कहीं छिपी नहीं है और पुलिस के सामने सच रखना चाहती है. श्रद्धा ने इसे हत्या नहीं बल्कि शिवा शर्मा का सुसाइड बताया था और अपील की थी कि उसका नाम इस मामले में न घसीटा जाए. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement