scorecardresearch
 

ब्रेकअप से नाराज होकर युवक ने खेला खूनी खेल, गर्लफ्रेंड की मां का कत्ल कर दो बहनों को किया अगवा

तमिलनाडु के थूथुकुडी में 23 वर्षीय युवक पर नाबालिग गर्लफ्रेंड की मां को मौत के घाट उतार दिए जाने का संगीन इल्जाम लगा है. उस पर लड़की के पिता को घायल करने और दो बहनों को अगवा करने का आरोप है. पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है (फोटो-ITG)

तमिलनाडु के थूथुकुडी में एक 23 साल का युवक ब्रेकअप से इस कदर नाराज हो गया कि उसने कथित तौर पर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया. जिसमें लड़की की मां का निधन हो गया. अब आरोपी ज्ञानप्रकाशम पर लड़की की मां मैरी रेगिला की हत्या करने, उसके पिता मुथुकृष्णन को घायल करने और परिवार की दो बेटियों को अगवा करने का आरोप है. आरोपी फरार है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का 15 साल की बड़ी बेटी के साथ कथित प्रेम संबंध था. परिवार की आपत्ति और रिश्ता खत्म किए जाने के बाद उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने दोनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया है, जबकि आरोपी की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है.

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी ज्ञानप्रकाशम 15 साल की लड़की के साथ रिश्ते में था. लड़की के परिवार को उसकी कम उम्र की वजह से यह रिश्ता मंजूर नहीं था. बताया गया है कि लड़की ने भी आरोपी से कहा था कि परिवार की सहमति नहीं होने के कारण यह रिश्ता आगे जारी नहीं रह सकता. 

इसी बात से आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गया. पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते उसने लड़की के परिवार को निशाना बनाया. आरोप है कि रिश्ता खत्म होने से नाराज ज्ञानप्रकाशम हथियारों के साथ लड़की के घर में घुस गया. वहां उसने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया. 

Advertisement

इस हमले में लड़की की मां मैरी रेगिला की मौत हो गई, जबकि उसके पिता मुथुकृष्णन घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी अपनी गाड़ी में दोनों लड़कियों को लेकर फरार हो गया. इस घटना के बाद पुलिस ने लड़कियों की तलाश शुरू की और दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया.

थूथुकुडी के एसपी शिवप्रसाद के मुताबिक, आरोपी ने परिवार पर हमला किया, जिसमें मैरी रेगिला की जान चली गई और पिता घायल हो गए. उन्होंने बताया कि अगवा की गई दोनों लड़कियों को पुलिस टीम ने सुरक्षित बचा लिया है. 

शुरुआती जांच में प्रेम संबंध और परिवार की ओर से इसका विरोध किए जाने की बात सामने आई है. इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. हालांकि, पुलिस के मुताबिक आरोपी ज्ञानप्रकाशम को अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है.

पीएमके नेता अंबुमणि रामदॉस ने इस घटना की निंदा की है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कथित तौर पर आरोपी के पास हथियार होने और उसके खुलेआम घूमने को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए. 

अंबुमणि ने कहा कि यह अफसोसजनक है कि पुलिस अब तक आरोपियों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो पाई है. घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की जांच को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement