scorecardresearch
 

चोरी के शक में ‘तालिबानी सजा’! लुधियाना में युवक को खंभे से बांधकर पीटा, बाल काटे

लुधियाना के जोधेवाल इलाके में चोरी के शक में कुछ युवकों ने एक युवक को बंधक बनाकर उसकी पिटाई की. साथ ही उसके बाल और भौंह काट दी. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने BNS की कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है (फोटो-ITG)
पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है (फोटो-ITG)

पंजाब के लुधियाना में कानून को अपने हाथ में लेने और कथित तौर पर ‘तालिबानी सजा’ देने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. शहर के जोधेवाल इलाके में कुछ युवकों ने चोरी के शक में एक युवक को बंधक बना लिया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.

मामले के अनुसार, कुछ युवकों ने एक युवक पर चोरी का शक जताते हुए उसे पकड़ लिया. आरोप है कि उन्होंने युवक को रस्सी से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की. इतना ही नहीं, उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के लिए उसके सिर के बीच के बाल काट दिए गए और उसकी दाहिनी आंख की भौंह भी काट दी गई. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल वीडियो में बेहद डराने वाला दृश्य दिखाई देता है. वीडियो में कुछ लोग युवक को पकड़कर पहले बांधते हैं और फिर उसे एक बैंक के बाहर लगे खंभे से रस्सी के सहारे बांध देते हैं. इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई की जाती है. आसपास मौजूद लोग भी यह सब देखते नजर आते हैं, जबकि युवक खुद को बचाने की कोशिश करता दिखाई देता है.

Advertisement

युवकों ने युवक को सिर्फ पीटा ही नहीं, बल्कि उसे सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा भी किया. उसकी छाती पर एक कागज चिपका दिया गया, जिस पर हिंदी और पंजाबी भाषा में 'मैं चोर हूं' लिखा हुआ था. आरोप है कि मारपीट और धमकियों के जरिए युवक पर चोरी कबूल करने का दबाव बनाया गया. वीडियो में उसे डरा-धमकाकर जबरन स्वीकारोक्ति करवाने की कोशिश भी दिखाई देती है.

घटना की जानकारी पुलिस तक एक गुप्त सूचना के जरिए पहुंची. जोधेवाल पुलिस के सब-इंस्पेक्टर बलकार सिंह अपनी टीम के साथ 10 जून को इलाके में गश्त कर रहे थे. इसी दौरान एक मुखबिर ने उन्हें बताया कि कैलाश नगर रोड इलाके की एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें कुछ युवक एक व्यक्ति को बंधक बनाकर उसके साथ अत्याचार कर रहे हैं.

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में वीडियो को गंभीर पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे.

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है. दर्ज धाराओं में 115(2), 127(2), 127(8), 352, 351(2) और 190 शामिल हैं. ये धाराएं मुख्य रूप से मारपीट, बंधक बनाना, धमकाना, अपमानित करना और कानून को अपने हाथ में लेने जैसे अपराधों से संबंधित हैं.

Advertisement

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. वहीं, इस घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement