छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. 6 साल की मासूम से रेप की घटना के बाद अब चलती कार में महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर कार से फेंकने की घटना ने हड़कंप मचा दिया है.
घटना की शिकायत के बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है. जिस कार में घटना हुई, वह कार भी चोरी की है. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कार धमतरी जिले से चोरी की थी.
दरअसल, 8 मार्च की शाम स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एक महिला कर्मचारी कांकेर से भानुप्रतापपुर लौटने माकड़ी चौक पर बस का इंतजार कर रही थी, लेकिन काफी देर तक वाहन नहीं मिलने पर महिला ने एक कार में लिफ्ट ले ली.
कार में 3 लोग पहले से सवार थे, जिसमें से एक व्यक्ति भानुप्रतापपुर से लगभग 15 किलोमीटर पहले उतर गया, जिसके बाद आरोपी की नियत महिला पर बिगड़ गई और वो महिला से छेड़छाड़ करने लगा.
महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे चलती कार से धक्का दे दिया. चोटिल पीड़िता ने तत्काल घटना की सूचना अपने परिचितों को दी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने तत्काल चेक पोस्ट लगाकर जांच शुरू की, जिसमें कार सवार पकड़ा गया है.
आरोपी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि कार भी चोरी की है, जिसे उसने धमतरी से चोरी किया था. पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया है.
SSP योगेश साहू ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है, उसके खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज है, चोरी की कार से घटना को अंजाम दिया गया था.