scorecardresearch
 

दहेज की मांग, मोटापे और बांझपन के ताने... ये है स्टाफ नर्स प्रियंका कमलाकर के कत्ल की कहानी

कर्नाटक के धारवाड़ जिले में 29 वर्षीय स्टाफ नर्स प्रियंका कमलाकर की कथित तौर पर पति और ससुराल वालों ने हत्या कर दी. आरोप है कि दहेज, मोटापे और मां न बन पाने के तानों के बीच पति ने गला घोंटकर अपनी पत्नी प्रियंका की जान ले ली. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
पुलिस ने आखिर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया (फोटो-ITG)
पुलिस ने आखिर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया (फोटो-ITG)

कर्नाटक के धारवाड़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 29 वर्षीय स्टाफ नर्स प्रियंका कमलाकर की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. इस वारदात को कथित तौर पर उनके पति ने अंजाम दिया. आरोप है कि शादी के कुछ ही समय बाद से प्रियंका को दहेज, मोटापे और संतान न होने को लेकर लगातार ताने मारे जा रहे थे. पुलिस ने इस मामले में पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.

प्रियंका कमलाकर की शादी 13 दिसंबर 2024 को धारवाड़ जिले के नवलगुंड तालुक के हनासी गांव निवासी बसवराज वड्डार से हुई थी. एफआईआर के अनुसार, शादी के करीब एक महीने बाद ही प्रियंका को पति और उसके परिवार वाले परेशान करने लगे थे. आरोप है कि ससुराल पक्ष लगातार प्रियंका पर मायके से पैसे और सोना लाने का दबाव बना रहा था.

पुलिस के मुताबिक, बसवराज वड्डार, रेनव्वा, सुभाष और सिद्धारमेश मिलकर प्रियंका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे. शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने कई बार प्रियंका से उसकी नौकरी की कमाई भी मांगी और मायके से अतिरिक्त सोना और नकदी लाने के लिए दबाव बनाया. इस प्रताड़ना का असर प्रियंका के वैवाहिक जीवन पर लगातार पड़ता रहा.

एफआईआर में दर्ज आरोपों के अनुसार, जब प्रियंका इस साल जनवरी में हनासी गांव गई थीं, तब उन्हें उनके वजन और शारीरिक बनावट को लेकर अपमानित किया गया. आरोपियों ने कथित तौर पर उनसे कहा था, 'तुम मेरे बेटे से ज्यादा मोटी हो, तुम्हारा शरीर बहुत बड़ा है, तुम अभी तक गर्भवती नहीं हुई हो' और 'तुम अपने माता-पिता के घर से पैसे और सोना क्यों नहीं लाई?' इन तानों ने प्रियंका को मानसिक रूप से काफी परेशान किया.

Advertisement

मृतका के परिवार का आरोप है कि बसवराज अपनी पत्नी के वजन को लेकर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था. प्रियंका के चाचा रामय्या वेंकय्या कमलाकर ने बताया कि आरोपी अक्सर कहता था कि उसे प्रियंका पसंद नहीं है, क्योंकि वह मोटी है और कभी मां नहीं बन पाएगी. परिवार का कहना है कि प्रियंका को लगातार प्रताड़ना और मारपीट का सामना करना पड़ता था.

प्रियंका के चाचा ने यह भी दावा किया कि प्रियंका दो बार गर्भवती हुई थीं, लेकिन पति की कथित मारपीट और प्रताड़ना के कारण दोनों बार उनका गर्भपात हो गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बसवराज अक्सर प्रियंका को पीटता था और कहता था कि वह सुंदर नहीं दिखती और उससे ज्यादा भारी-भरकम है. परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस जांच के अनुसार, सोमवार की रात बसवराज ने कथित तौर पर प्रियंका का गला घोंटकर हत्या कर दी. हालांकि, इस घटना की जानकारी दो दिन बाद सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या, दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है.

नवलगुंड पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले के आधार पर पुलिस ने पति बसवराज वड्डार के अलावा रेनव्वा, सुभाष और सिद्धारमेश को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश में अन्य लोगों की क्या भूमिका थी और प्रियंका को लंबे समय से किस तरह की प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा था.

Advertisement

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और महिलाओं के प्रति शारीरिक बनावट को लेकर होने वाले भेदभाव जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को सामने ला दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है. वहीं, प्रियंका के परिजन आरोपियों के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement