scorecardresearch
 

'एकतरफा प्यार' का खौफनाक अंत! लड़की को परेशान करने पर दोस्त बने जल्लाद

भुवनेश्वर में दो नाबालिग छात्रों ने अपनी महिला मित्र को कथित तौर पर परेशान करने से नाराज होकर 17 वर्षीय कृष्ण प्रसाद पाधी और उसके पिता की हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार, पहले दोनों ने किशोर को समझाने की कोशिश की थी, लेकिन मारपीट और धमकी मिलने के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया. हमले में मृतक की बहन भी घायल हुई है. पुलिस ने सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है.

Advertisement
X
(Photo: Representational)
(Photo: Representational)

ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, दो स्कूली छात्रों ने अपनी महिला मित्र को कथित तौर पर परेशान करने से नाराज होकर 17 वर्षीय किशोर और उसके पिता की हत्या कर दी. इस हमले में किशोर की बहन भी गंभीर रूप से घायल हुई है और उसका इलाज चल रहा है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक किशोर की पहचान कृष्ण प्रसाद पाधी के रूप में हुई है. वह खंडगिरि इलाके के एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के दौरान एक लड़की के संपर्क में आया था. उसने लड़की को प्रपोज किया था, लेकिन लड़की ने उसका प्रस्ताव ठुकरा दिया. इसके बावजूद वह पिछले दो-तीन महीनों से कथित तौर पर लड़की पर रिश्ते के लिए दबाव बना रहा था और उसे परेशान कर रहा था.

समझाने का मारपीट का आरोप
पुलिस ने बताया कि आरोपी दोनों नाबालिग भी उसी कोचिंग सेंटर में पढ़ते थे और लड़की के मित्र थे. लड़की ने उनसे मदद मांगी थी. करीब 20-25 दिन पहले दोनों ने पार्क में कृष्ण को समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसने दोनों के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी.

Advertisement

लोहे की रॉड और मिर्च पाउडर लेकर पहुंचे
इसके बाद दोनों नाबालिगों ने बदला लेने की योजना बनाई. 28-29 जून की रात वे लोहे की रॉड और मिर्च पाउडर लेकर कृष्ण के घर पहुंचे. पुलिस के अनुसार, दोनों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया, मुख्य दरवाजा तोड़ा और कृष्ण पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आए उसके पिता हिमांशु और बहन पर भी हमला किया गया.

तीनों घायलों को तत्काल एम्स भुवनेश्वर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया. इलाज के दौरान उसके पिता हिमांशु ने भी दम तोड़ दिया, जबकि बहन का अस्पताल में उपचार जारी है.

परिजनों की शिकायत पर खंडगिरि थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय लोगों से पूछताछ, डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम की मदद से पुलिस ने दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया. उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड, कपड़े, मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं. मामले की आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement