मेरठ के 'ड्रम कांड' का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि यूपी के उन्नाव से 'बक्सा कांड' सामने आ गया. इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया. आरोप है कि पत्नी ने अपने पति की हत्या कर लाश को बक्से में बंद किया और फिर उसे हाइवे किनारे फेंक दिया. इस वारदात में उसका पड़ोसी शामिल था. फिलहाल, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आइए जानते हैं पूरा मामला...
पत्नी ने पड़ोसी संग मिलकर की पति की हत्या
उन्नाव कोतवाली सदर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर बक्से में बंद मिले शव की गुत्थी को महज 12 घंटे के भीतर सुलझा लिया है. पति के शराब पीने और रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर पत्नी ने पड़ोसी के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी पत्नी, उसके पड़ोसी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है.
बक्से में चादर-कंबल में लिपटा मिला था शव
20 अक्टूबर 2026 की रात कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के सामने एक संदिग्ध बड़ा लोहे का बक्सा रखा हुआ है. जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बक्सा खोला, तो उसके अंदर चादर और कंबल में लिपटा खून से लथपथ एक पुरुष का शव मिला. मृतक की पहचान सोनू के रूप में हुई. मृतक के भाई आशु की तहरीर पर पुलिस ने धारा 103(1)/238 BNS के तहत मामला दर्ज किया.
CCTV कैमरों से मिला सुराग
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 5 टीमें गठित की गईं. घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी और एनपीआर (ANPR) कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक 'छोटा हाथी' लोडर (UP 35 AT 1938) संदिग्ध दिखाई दिया. फुटेज में लोडर बक्सा लाते और खाली वापस जाते दिखा. वाहन स्वामी राजेश गुप्ता से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य आरोपी नेहा रावत तक पहुंच गई.
सिलबट्टे से किया वार, फिर घोंटा गला
सघन पूछताछ में मुख्य अभियुक्ता नेहा रावत (40 वर्ष) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. नेहा ने बताया कि सोनू से उसकी शादी 7-8 साल पहले हुई थी और उनका एक 5 साल का बेटा भी है. सोनू शराब का लती था और रोज मारपीट करता था. गृहकलेह से तंग आकर नेहा ने 19/20 अक्टूबर की रात पड़ोसी जितेन्द्र सिंह उर्फ राहुल (35 वर्ष) के साथ मिलकर सोनू पर लोढ़ा/बट्टा से हमला किया और कंबल से नाक-मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी.
इसके बाद ₹1200 में लोडर किराए पर लेकर, सहयोगी तौहीद (25 वर्ष) और एक नाबालिग की मदद से शव को बक्से में बंद कर हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बट्टा, लोहे का बक्सा और लोडर बरामद कर लिया है.