दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक Nvidia है, इस कंपनी का मार्केट कैप $4.68LCr है, इस कंपनी को चलाने वाले यानी इसके CEO जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) हैं. जेन्सन हुआंग हमेशा अपने अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं. चाहे उनका हमेशा ब्लैक लेदर जैकेट पहनना हो या फिर घड़ी नहीं पहनना. क्या आपने कभी सोचा वो घड़ी क्यों नहीं पहनते हैं, इसके पीछे एक गहरी सोच छिपी है.
दरअसल, साल 2024 में कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के 128वें दीक्षांत समारोह में संबोधन के दौरान जेन्सन हुआंग ने खुद बताया कि वो घड़ी क्यों नहीं पहनते हैं. इसके पीछे भी उनकी सफलता की कहानी है.
क्योटो के माली से मिला जीवन का सबसे बड़ा सबक
जेन्सन हुआंग ने छात्रों को अपने जीवन का एक किस्सा सुनाया. एक बार वे अपने परिवार के साथ जापान के क्योटो शहर में एक मशहूर गार्डन को देखने गए थे. उस दिन बहुत तेज गर्मी थी. उन्होंने देखा कि एक बुजुर्ग माली घुटनों के बल बैठकर एक छोटी सी चिमटी से सूखी हुई घास और घास पर जमी परत को चुनकर टोकरी में रख रहा था.
ये देखकर जेन्सन हुआंग हैरान हो गए, क्योंकि बगीचा बहुत बड़ा था और माली के पास मौजूद सफाई का उपकरण बहुत छोटा था. जेन्सन हुआंग खुद को रोक नहीं पाए, और उस शख्स के पास जाकर पूछा, 'यह बगीचा बहुत बड़ा है और आपकी चिमटी इतनी छोटी है, फिर आप अकेले इस पूरे बगीचे की देखभाल कैसे कर लेते हैं?' उस माली ने बहुत शांति से जवाब दिया 'मेरे पास बहुत समय है.'
घड़ी न पहनने की असली वजह
माली के इस छोटे से वाक्य ने हुआंग की सोच बदल डाली. उन्होंने महसूस किया कि अगर आप अपने काम से प्यार करते हैं और उसमें पूरी तरह डूब जाते हैं, तो समय या संसाधनों की कमी कभी महसूस नहीं होती है.
इसी घटना से सीख लेते हुए जेन्सन हुआंग ने अपने जीवन से घड़ी को हमेशा के लिए हटा दिया. हुआंग ने बताया, 'मैं घड़ी नहीं पहनता क्योंकि मेरे लिए वर्तमान ही सबसे महत्वपूर्ण समय है. खुद को पूरी तरह से वर्तमान में समर्पित कर देना ही मेरा मंत्र है.'
उनका मानना है कि जब आप बार-बार घड़ी देखते हैं, तो आप समय की कमी और डेडलाइन के दबाव में आ जाते हैं. यह दबाव आपको खुलकर सोचने और बेहतर काम करने से रोकता है. हुआंग के अनुसार डेडलाइन को एक बोझ की तरह देखने के बजाय, अगर आप वर्तमान में चल रहे काम पर पूरा फोकस करेंगे, तो काम अपने आप समय पर और बेहतरीन तरीके से पूरा हो जाएगा.
काम पर फोकस जरूरी
आज के दौर में जहां कंपनियां और लोग लगातार भविष्य की चिंता में भागते रहते हैं, वहीं हुआंग की सोच बिल्कुल अलग है, वे अपनी सफलता के लिए 3 मुख्य बातें जरूरी मानते हैं. पहला- भविष्य की चिंता करने के बजाय जो काम सामने है, उसे सबसे बेस्ट तरीके से करें. आज का अच्छा काम ही आपका बेहतर भविष्य तय करता है.
दूसरा- हुआंग का कहना है कि वे कभी मौकों या बहुत ज्यादा ग्रोथ के पीछे नहीं भागते हैं. उनका पूरा ध्यान अपने प्रोडक्ट को बेस्ट बनाने पर होता है, अवसर उनके पास खुद चलकर आते हैं. तीसरा- उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे हर दिन कुछ नया सीखें, अपने काम का आनंद लें और परिणाम की चिंता किए बिना अपना शत-प्रतिशत दें.